
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में यमुना एक्सप्रेस-वे अब केवल एक सड़क नहीं रहा, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच और निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक बन चुका है। कभी दिल्ली और आगरा को जोड़ने वाला यह मार्ग आज प्रदेश के औद्योगिक पुनर्जागरण की रीढ़ बन गया है। योगी सरकार ने इसे सिर्फ ट्रैफिक सुविधा तक सीमित न रखते हुए निवेश, रोजगार और नियोजित शहरीकरण के बड़े इंजन के रूप में विकसित किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में इन्फ्रास्ट्रक्चर आधारित विकास का ऐसा मॉडल अपनाया है, जिसने राज्य की पहचान बदल दी है। यमुना एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टर, आधुनिक शहरी केंद्र और लॉजिस्टिक्स हब इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार की नीतियां अब जमीन पर ठोस परिणाम दे रही हैं। यह क्षेत्र आज उस नए उत्तर प्रदेश का चेहरा बन रहा है, जहां निवेशकों को भरोसा, युवाओं को रोजगार और प्रदेश को आर्थिक मजबूती मिल रही है।
प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन दीपक मैनी के अनुसार, यमुना एक्सप्रेस-वे के आसपास विकसित हो रही परियोजनाएं उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। ये परियोजनाएं प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के माध्यम से सरकार ने नियोजित विकास का एक मजबूत मॉडल प्रस्तुत किया है। 3000 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह औद्योगिक क्षेत्र दो चरणों में विकसित किया जा रहा है। यहां औद्योगिक, आवासीय, वाणिज्यिक और मिश्रित भूमि उपयोग की स्पष्ट योजना बनाई गई है, जिससे अनियोजित शहरीकरण पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्पष्ट मंशा रही है कि विकास केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि आसपास के जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचे। यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे विकसित हो रहा औद्योगिक क्लस्टर इसी सोच का परिणाम है। बेहतर सड़क नेटवर्क, निर्बाध बिजली, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ यह क्षेत्र निवेशकों के लिए अत्यंत आकर्षक बन चुका है।
दिल्ली, आगरा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से बेहतरीन कनेक्टिविटी ने यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र को लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग के लिए आदर्श बना दिया है। इसके साथ ही जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इस पूरे क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने जा रहा है। योगी सरकार ने एयरपोर्ट को केंद्र में रखकर औद्योगिक शहरों, लॉजिस्टिक्स हब और रोजगार केंद्रों की एक पूरी श्रृंखला विकसित करने की योजना बनाई है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।