
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों, वीर-वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने उत्तराखंड की देवतुल्य जनता का भी आभार जताया और कहा कि राज्य के विकास में हर नागरिक की भागीदारी सबसे बड़ी ताकत है।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी सैन्य परंपरा, वीरता और राष्ट्रभक्ति की समृद्ध विरासत के लिए पूरे देश में अलग पहचान रखता है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उत्तराखंड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में करीब दो लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। सड़क, रेल, पर्यटन, ऊर्जा और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई योजनाएं प्रदेश की तस्वीर बदलने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों को पूरा करना नहीं, बल्कि उनका लाभ हर नागरिक तक पहुंचाना भी है।
धामी ने बताया कि प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेश आकर्षित करने के लिए 30 से ज्यादा नई नीतियां लागू की गई हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना और वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत गांवों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत की जा रही हैं। वहीं स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ-साथ सगंध कृषि को भी लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि किसानों की आय बढ़ सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बन चुका है, जहां समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की गई है। उन्होंने बताया कि धर्मांतरण रोकने के लिए बनाए गए कानून को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। जनभावनाओं के अनुरूप सख्त भू-कानून भी लागू किया गया है। साथ ही नकल विरोधी कानून के तहत नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के प्रयासों का परिणाम है कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि नई शिक्षा नीति को लागू करने में उत्तराखंड अग्रणी राज्यों में शामिल है। हाल ही में प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि वेडिंग डेस्टिनेशन और फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं के कारण इस वर्ष अब तक 47 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। वहीं कांवड़ यात्रा के दौरान लगभग पांच करोड़ शिवभक्त सुरक्षित रूप से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के संचालन के साथ-साथ शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है, जबकि सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से पीछे न रह जाए। उन्होंने जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और अंत्योदय को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों से उत्तराखंड को आदर्श, विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने में सहभागी बनने की अपील की।
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।