MDDA News: शहीद दीपक पुण्डीर स्मृति भवन समेत 17 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाएं, CM धामी ने मसूरी को दिया विकास का बूस्टर

Published : Aug 04, 2026, 09:51 PM IST
MDDA News mussoorie development projects

सार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में एमडीडीए की 17.80 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर विकास कार्यों को नई गति दी।

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की ओर से मसूरी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को मंगलवार को नई गति मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरकुल में आयोजित कार्यक्रम में करीब 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में बनाए गए आधुनिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी प्रमुख रूप से शामिल रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार और एमडीडीए केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय जरूरतों और जनभावनाओं के अनुरूप विकास की नई कार्यशैली पर भी काम कर रहे हैं।

शहीद दीपक पुण्डीर स्मृति भवन का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 3.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शहीद दीपक पुण्डीर स्मृति सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। यह भवन स्थानीय लोगों के लिए विभिन्न सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। इसके अलावा चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें सालावाला में करीब 86 लाख रुपये की लागत से सड़क और पुस्ता निर्माण, डोभालवाला में 1.32 करोड़ रुपये से सड़क एवं नाली निर्माण, विजय कॉलोनी में 1.32 करोड़ रुपये की सड़क एवं नाली परियोजना तथा सालावाला में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से नए सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिक सुविधाओं में सुधार आएगा।

MDDA परियोजनाओं से मजबूत होगी आधारभूत संरचना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के नए आयाम छू रहा है। राज्य सरकार और एमडीडीए के संयुक्त प्रयासों से सड़क, पेयजल, शहरी सुविधाओं, सामुदायिक भवनों और पर्यटन से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्र का विकास राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देता है। इसी सोच के तहत पुरकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण का कार्य भी जारी है। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं का विस्तार भी तेजी से किया जा रहा है।

सड़क, सुरक्षा और पर्यटन विकास पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क सुदृढ़ीकरण का काम प्रगति पर है। वहीं ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के किनारों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है। इन सभी प्रयासों का उद्देश्य मसूरी विधानसभा क्षेत्र को अधिक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक बनाना है।

सुशासन और विकास दोनों पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए गए वादों को लगातार पूरा कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सुशासन और पारदर्शिता को भी समान महत्व दे रही है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होमस्टे और मेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।

गणेश जोशी बोले- जनता को मिलेगा सीधा लाभ

कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में एमडीडीए क्षेत्र में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का सीधा लाभ स्थानीय नागरिकों को मिलेगा और मसूरी विधानसभा क्षेत्र का संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित होगा।

योजनाबद्ध विकास से बदलेगी मसूरी की तस्वीर

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं लोगों के दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाएंगी। उन्होंने कहा कि एमडीडीए का लक्ष्य सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना है, ताकि क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम में शहीद दीपक पुण्डीर के परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और एमडीडीए के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इनमें एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, एसडीएम मसूरी राहुल आनंद, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अवर अभियंता सचिन तोमर, ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुण्डीर और लक्ष्मण सिंह रावत समेत कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

PREV

उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Uttarakhand News: धारचूला में तबाही से तरक्की तक का चौंकाने वाला सफर
Uttarakhand Religious Tourism: उत्तराखंड बन रहा आध्यात्मिक राजधानी, चारधाम से कैंची धाम तक उमड़ा सैलाब