
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून स्थित गांधी पार्क में पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के परिजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण को सुना। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पूर्व सैन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम आज देशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के अलग-अलग वर्गों को प्रेरित करता है और जनभागीदारी के जरिए राष्ट्र निर्माण के संदेश को हर घर तक पहुंचाता है।
देहरादून में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।… pic.twitter.com/b8W4DTuPL7
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 26, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने डीआरडीओ (DRDO) की उपलब्धियों, रक्षा उत्पादन में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता, रक्षा उत्पादों के निर्यात, जल संरक्षण, पारंपरिक हस्तशिल्पों के संरक्षण और 'वोकल फॉर लोकल' जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने वाला है और देशवासियों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और आर्थिक विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश आज हर क्षेत्र में तेज गति से आगे बढ़ रहा है और सीमांत क्षेत्रों का विकास भी तेजी से हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के आम नागरिकों के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
गांधी पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, सचिव युगल किशोर पंत, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (सेवानिवृत्त) सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पूर्व सैनिक और अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।