
देहरादून: पहाड़ के छोटे से गांव से निकलकर कैंब्रिज तक पहुंचना हो या सीमित संसाधनों के बीच अपना कारोबार दुनिया के कई देशों में फैलाना, उत्तराखंड के युवाओं के सामने सफलता की ऐसी कहानियां आईं, जिन्होंने साबित किया कि मंजिल पाने के लिए बड़े शहर में जन्म लेना जरूरी नहीं। देहरादून में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के तीसरे सत्र में सफल प्रवासियों ने अपने संघर्ष और अनुभव साझा किए।
चमोली के थराली क्षेत्र से निकलकर कैंब्रिज तक पहुंचे वैज्ञानिक डॉ. भगवती प्रसाद जोशी ने अपनी यात्रा साझा की। आईआईएससी बेंगलुरु में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जोशी ने युवाओं से नई तकनीकों में अवसर तलाशने और बदलाव के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
टिहरी की जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने दिल्ली में उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद उत्तराखंड लौटने का फैसला किया। उन्होंने युवाओं से कहा कि खुद को चुनौती दें और कंफर्ट जोन से बाहर निकलें। पिथौरागढ़ के उद्यमी जितेंद्र हनेरू ने पढ़ाई के दौरान ही स्टार्टअप शुरू करने और असफलता से नहीं डरने की सलाह दी।
टिहरी के सेम मुखेम से निकले उद्यमी राजेश राणा ने कई देशों तक कारोबार पहुंचाने का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना जरूरी है। पुरोला के सेवक नौटियाल ने भी युवाओं को उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
टीवी सीरियल 'बालिका वधू' से पहचान बनाने वाली अल्मोड़ा की रूप दुर्गापाल ने बताया कि इंजीनियरिंग की नौकरी से उनका सफर अभिनय की दुनिया तक कैसे पहुंचा। उन्होंने करियर चुनने में युवाओं और अभिभावकों के बीच खुले संवाद पर जोर दिया।
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि नई पीढ़ी तकनीकी युग में तेजी से आगे बढ़ रही है। यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने युवाओं के आत्मविश्वास की सराहना की। उद्यमी शैलेश उप्रेती ने वीडियो संदेश में दून विश्वविद्यालय में बैटरी इनोवेशन सेंटर बनाने का प्रस्ताव रखा।
यह भी पढ़ें: PM Modi Mysuru Visit: भारत का पहला LED प्लेनेटेरियम, अब दिखेगा पूरा ब्रह्मांड-PM मोदी ने क्या कहा...
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।