मैसूर में भारत का पहला LED डोम प्लैनेटेरियम शुरू हुआ। पीएम मोदी ने इसे राष्ट्र को समर्पित किया। यह केंद्र युवाओं में विज्ञान और अंतरिक्ष के प्रति रुचि जगाएगा। देश में विज्ञान की परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है।
भारत के अंतरिक्ष मिशन और विज्ञान की दुनिया में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के मैसूर में भारत के पहले LED Dome Planetarium यानी कॉसमॉस प्लैनेटेरियम को राष्ट्र को समर्पित किया। यह सिर्फ एक प्लैनेटेरियम नहीं, बल्कि युवाओं और विद्यार्थियों को ब्रह्मांड के रहस्यों से जोड़ने वाला एक आधुनिक केंद्र है। पीएम मोदी ने यहां अपने संबोधन में कहा कि भारत में अध्यात्म और विज्ञान की परंपराएं हमेशा साथ-साथ आगे बढ़ी हैं। उन्होंने आर्यभट्ट और भास्कराचार्य जैसे महान खगोलविदों का जिक्र किया और चंद्रयान-3, आदित्य L1, गगनयान तथा भारतीय स्पेस स्टार्टअप्स की उपलब्धियां भी गिनाईं। प्रधानमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खगोल विज्ञान ओलंपियाड में भारत के पांच विद्यार्थियों ने चार गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कॉसमॉस प्लैनेटेरियम बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा जगाने और भविष्य के वैज्ञानिक तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।













