यूक्रेन में रूसी हमलों से भारी तबाही हुई है। कीव में एक मेडिकल सेंटर पर हमला हुआ, जहां से कई लोगों को बचाया गया। वहीं, जापोरिज्जिया में हमले के कारण 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए। कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं।

यूक्रेन में रूस के हमलों ने एक बार फिर भारी तबाही मचाई है। इस बार निशाने पर सिर्फ रिहायशी मकान ही नहीं, बल्कि एक मेडिकल सेंटर भी आया है। राजधानी कीव में रात के वक्त हुए रूसी हमले के बाद मेडिकल सेंटर में आग लग गई और इमारत की दूसरी मंजिल को नुकसान पहुंचा। यहां से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि आपातकालीन कर्मचारियों ने सात अन्य लोगों को बचाया। हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है।

वहीं, यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी शहर जापोरिज्जिया में रूसी हमले ने एक 17 साल के किशोर की जान ले ली। चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें 10 साल का बच्चा भी शामिल है। दो निजी मकान हमले की चपेट में आए और बचावकर्मियों को मलबे से लोगों को निकालना पड़ा। इस तबाही के बीच एक स्थानीय महिला का दर्द भी सामने आया है, जो खुद रूस से हैं। देखिए यूक्रेन के दो शहरों से आईं ये तस्वीरें।