
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में बिजली सेवाओं को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL), उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) और पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (PITCUL) की सभी सेवाओं को अगले छह महीने के लिए आवश्यक सेवा घोषित कर दिया है। शासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इन तीनों संस्थानों में सभी श्रेणी के कर्मचारियों की हड़ताल पर तत्काल प्रभाव से छह माह तक रोक लगा दी गई है।
राज्य सरकार का कहना है कि प्रदेश में बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण व्यवस्था को हर हाल में सुचारु बनाए रखना जरूरी है। इसी वजह से यह निर्णय उत्तर प्रदेश अत्यावश्यक सेवाओं का अनुरक्षण अधिनियम के तहत लिया गया है। इस आदेश के लागू होने के बाद UJVNL, UPCL और PITCUL की सभी सेवाएं अगले छह महीने तक आवश्यक सेवा के दायरे में रहेंगी और इस दौरान हड़ताल की अनुमति नहीं होगी।
प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह जनहित को ध्यान में रखकर लिया गया है। उनका कहना है कि प्रदेश में बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण की व्यवस्था लगातार चलती रहे, इसके लिए सेवाओं का बाधित होना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना और ऊर्जा सेवाओं की निरंतरता बनाए रखना है।
सरकार का मानना है कि इस निर्णय से पूरे उत्तराखंड में बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी नियमित बिजली मिलती रहेगी। इसके अलावा ऊर्जा क्षेत्र की सेवाओं में किसी तरह की रुकावट नहीं आने से आवश्यक कार्यों की निरंतरता भी बनी रहेगी।
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।