
टेक डेस्क। चीन के आर्थिक हितों पर एक बार फिर भारत ने सख्त कार्रवाई की है। चीन का ट्विटर कहे जाने वाले वीबो और सर्च इंजन बायडू को अब गूगल प्ले स्टोर और एप्पल के ऐप स्टोर से डाउनलोड नहीं किया जा सकेगा। ये दोनों ऐप्स उनमें ही शामिल हैं, जिन पर सरकार ने 29 जुलाई को बैन लगाया था, लेकिन इनके नाम अब सामने आए हैं। बता दें कि वीबो पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी अकाउंट है।
वीबो के दुनिया में 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स
चीन ने वीबो को 2009 में लॉन्च किया था। इसे चीन का ट्विटर भी कहा जाता है। दुनिया भर में इसके 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। वीबो और बायडू चीन के हितों के लिहाज से काफी अहम ऐप हैं। बायडू को चीन का गूगल कहा जाता है। इन पर पूरी तरह से बैन लगा दिए जाने का चीन के हितों पर काफी असर पड़ेगा। सूत्रों के मुताबिक, अब सरकार बेहद लोकप्रिय गेमिंग ऐप पबजी पर भी बैन लगाने का विचार कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी बनाया था अकाउंट
वीबो को चीन के साइनो कॉरपोरेशन ने 2009 में लॉन्च किया था। यह माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म काफी पॉपुलर है। साल 2015 में अपनी चीन यात्रा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीबो पर अपना अकाउंट बनाया था।
बायडू की पकड़ हो रही थी मजबूत
भारत में बायडू सर्च इंजन की पकड़ मजबूत होती जा रही थी। बायडू का फेसमोजी (Facemoji) की-बोर्ड काफी लोकप्रिय है। कंपनी के सीईओ बायडू सर्च इंजन की पैठ भारत में बढ़ाने के लिए इस साल जनवरी में आईआईटी, मद्रास आए थे। उस वक्त उन्होंने भारतीय तकनीकी संस्थानों के साथ मिल कर कम्प्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम करने की इच्छा जताई थी।
भारत ने 59 ऐप्स के बाद 47 ऐप्स और बैन किए
भारत-चीन बॉर्डर पर गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प में 20 भारतीय सैनिकों के शहीद हो जाने के बाद भारत सरकार चाइनीज प्रोडक्ट्स का बहिष्कार करने के साथ लगातार चाइनीज ऐप्स को भी बैन कर रही है। चीन के तमाम पॉपुलर ऐप्स बैन हैं। अब वीबो और बायडू सर्च को भी डाउनलोड कर पाना संभव नहीं हो सकेगा। जानकारी के मुताबिक, सरकार 275 और चाइनीज ऐप्स पर बैन लगाने की तैयारी कर रही है। इनकी अभी जांच की जा रही है। इनमें PUBG और बाइटडांस कंपनी के Resso जैसे ऐप्स शामिल हैं। सबसे पॉपुलर टिकटॉक भी बाइटडांस का ही ऐप है।
टेक समाचार: In depth coverage of tech news (टेक न्यूज़) in Hindi covering tech gadget launches, price & specification & LIVE updates at Asianet News