
आज के दौर में स्टूडेंट्स के लिए लैपटॉप एक बहुत बड़ी ज़रूरत बन गया है। ऑनलाइन क्लास हो, कोडिंग करनी हो या फिर प्रोजेक्ट का काम, हर चीज़ के लिए लैपटॉप चाहिए ही चाहिए। इसलिए, लैपटॉप खरीदने से पहले यह तय कर लें कि आपके बच्चे को इसकी ज़रूरत किस काम के लिए है। अगर सिर्फ स्कूल के सामान्य काम करने हैं, तो बेसिक मॉडल भी काफी है। लेकिन, अगर कोडिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग या वीडियो एडिटिंग जैसे टेक्निकल काम करने हैं, तो आपको एक पावरफुल लैपटॉप की ज़रूरत पड़ेगी।
किसी भी लैपटॉप का दिल उसका प्रोसेसर होता है। यही लैपटॉप की स्पीड और परफॉर्मेंस तय करता है। अगर आप लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए लैपटॉप ले रहे हैं, तो Intel Core i3 या AMD Ryzen 3 प्रोसेसर वाला लैपटॉप चुन सकते हैं। मल्टी-टास्किंग या कोडिंग जैसे कामों के लिए Intel Core i5 या Ryzen 5 एक बेहतरीन ऑप्शन है। वहीं, गेमिंग और भारी-भरकम सॉफ्टवेयर चलाने के लिए i7 या Ryzen 7 प्रोसेसर की ज़रूरत होगी।
कम से कम 8GB रैम वाला लैपटॉप खरीदना एक अच्छा फैसला है। अगर आप चाहते हैं कि लैपटॉप बिना अटके कई सालों तक मक्खन की तरह चले, तो 16GB रैम लेना सबसे बेस्ट रहेगा। स्टोरेज की बात करें, तो पुराने हार्ड ड्राइव के मुकाबले SSD बहुत ज़्यादा तेज़ काम करते हैं। इसलिए, यह ज़रूर चेक कर लें कि लैपटॉप में कम से कम 512GB SSD हो।
स्टूडेंट्स को लैपटॉप स्कूल, कॉलेज, लाइब्रेरी जैसी कई जगहों पर ले जाना पड़ता है। ऐसे में बार-बार चार्जर खोजने की झंझट से बचने के लिए ऐसा लैपटॉप चुनें जिसकी बैटरी एक बार फुल चार्ज करने पर कम से कम 6 से 8 घंटे तक चले। यह एक बहुत ज़रूरी फीचर है।
स्टूडेंट्स के लिए हल्के वज़न (1.6 किलो से कम) वाले लैपटॉप चुनना बेहतर होता है, ताकि वे इसे आसानी से कहीं भी ले जा सकें। 14-इंच या 15.6-इंच स्क्रीन साइज़ काफी होता है। साथ ही, यह भी पक्का कर लें कि डिस्प्ले Full HD (1920x1080p) रेजोल्यूशन वाला हो, ताकि स्क्रीन साफ दिखे। एक अच्छा डिस्प्ले आंखों पर पड़ने वाले तनाव को भी काफी कम करता है।
स्टूडेंट्स अक्सर चीज़ों को थोड़ा रफ तरीके से इस्तेमाल करते हैं, इसलिए लैपटॉप के कब्ज़े (Hinges) मज़बूत हैं या नहीं, इस पर ज़रूर ध्यान दें। 'स्पिल-रेसिस्टेंट' (Spill-resistant) कीबोर्ड हो तो और भी अच्छा है, यह पानी या चाय गिरने पर अतिरिक्त सुरक्षा देता है। अपने बजट के हिसाब से किसी भरोसेमंद ब्रांड का लैपटॉप चुनें जो अच्छी वारंटी भी दे। याद रखें, आकर्षक लुक से ज़्यादा ज़रूरी लैपटॉप की परफॉर्मेंस और उसकी मजबूती है।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।