
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के जिले फिरोजाबाद में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल दोनों के बीच गोलगप्पे खिलाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इस मामूली बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि महिला की जान पर बन आई। पीड़ित महिला का आरोप है कि उसके पति ने कमरे में बंदकर उसे बेरहमी से पीटा। इसके साथ ही हत्या करने की मंशा से उसे फांसी के फंदे से लटकाने का प्रयास भी किया। वह किसी तरह से उसके चंगुल से बचकर भागी और आपने मायके वालों को पूरी बात बताई। आनन-फानन में मायके पक्ष के लोग उसको जिला अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए भर्ती करा लिया।
बाल पकड़कर पति पत्नी को ले गया घर के अंदर
जानकारी के अनुसार यह मामला शहर के रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला ठारपूटा का है। यहां की निवासी करिश्मा का आरोप है कि उसके पति ने उसकी हत्या करने का प्रयास किया। पीड़ित महिला का कहना है कि ।उसने पति विकास से गोलगप्पे खिलाने के लिए कहा तो पति ने पांच रुपए के गोलगप्पे खिला दिए। उसके बाद महिला ने पांच रुपए के और गोलगप्पे खिलाने के लिए कहा तो वह नाराज हो गया। उसकी पिटाई कर दी और बाल पकड़कर घर के अंदर ले गया। महिला का आरोप है कि कमरे में लाने के बाद पति ने दरवाजा बंदकर उसकी पिटाई की।
पीड़ित पक्ष की ओर से नहीं दी गई कोई तहरीर
महिला का आरोप यह भी है कि पति ने उसके नाखूनों को नोंचने का प्रयास किया। साड़ी से फंदा लगाकर उसकी हत्या करने का प्रयास भी किया। मगर वह किसी तरह पति के चंगुल से बचकर मकान की छत पर पहुंच गई। जोर-जोर से चिल्लाने लगी तो आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। उसके बाद पड़ोसी के फोन से करिश्मा ने पिता वीरी सिंह को फोन किया। कुछ देर बाद वह भी मौके पर पहुंच गए। इस मामले को लेकर थानाध्यक्ष रामगढ़ रवि त्यागी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया था। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी लेकिन पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। उन्होंने आगे बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।