जनविश्वास यात्रा में यूपी के उप मुख्यमंत्री बोले- 'गैर भाजपा सरकारों में साम्प्रदायिक तनाव थी आम घटना'

गुरुवार को फिरोजाबाद पहुंची जनविश्वास यात्रा में जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी के उप मुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले साढे चार साल में विकास की नई इबारत लिखी जबकि विपक्ष की सरकारों में जिलों में साम्प्रदायिक तनाव फैलना और कर्फ्यू लगना आम बात होती थी। 
 

Asianet News Hindi | Published : Dec 24, 2021 4:02 AM IST

फिरोजाबाद: यूपी विधानसभा चुनाव (UP Vidhansabha chunav 2022) से पहले नेताओं के विपक्ष पर जुबानी हमले तेज हो गए हैं। इसी बीच गुरुवार को फिरोजाबाद (Firozabad) पहुंची जनविश्वास यात्रा (Janvishwas yatra) में जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी के उप मुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा (Dr dinesh sharma) ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार (BJP Governement) ने पिछले साढे चार साल में विकास की नई इबारत लिखी जबकि विपक्ष की सरकारों में जिलों में साम्प्रदायिक तनाव फैलना और कर्फ्यू लगना आम बात होती थी। 

पहले बिजली का आना एक खबर होती थी: दिनेश शर्मा
भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya janta party) की जनविश्वास यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ दिनेश शर्मा ने गुरूवार को कहा कि पहले गांवों में बिजली का आना खबर होती थी, लेकिन अब बिजली का जाना खबर बनती है। हर घर नल से पानी देना सरकार का संकल्प है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) अराजक तत्वों और साम्प्रदायिकता फैलाकर दंगे कराने वालों, तथा माँ-बहनों को अपमानित करने वालों के लिए अनुपयोगी हैं। यहां उपस्थित अपार जनसमूह संदेश दे रहा है कि विपक्ष एकजुट होकर भी भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकता है। एक तरफ भाजपा है तो दूसरी ओर बाकी दलों का दलदल है। इस दलदल से बचकर रहना है। 

'कोरोनाकाल के दौरान सपा नेताओं ने नहीं की किसी की मदद'
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने कोरोना के समय में जनता की कोई मदद नहीं की है। अगर गूगल में सर्च भी किया जाए तो इनके किसी नेता की कोई फोटो कोरोना काल में जनता की मदद करते हुए नहीं मिलेगी। जब भाजपा के नेता कोरोना के समय में जनता की मदद कर रहे थे, उस समय वे घरों में कवारेन्टीन थे। वैक्सीन को लेकर भी झूठ फैलाने में विपक्ष पीछे नहीं रहा है। वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन तक कहा गया। आज यूपी में कोरोना काबू में है क्योंकि वैक्सीन ने प्रदेश के लोगों को सुरक्षित किया है। 

लाल चौक पर तिरंगा फहराना बदलते भारत की तस्वीर
उन्होंने कहा कि जब भाजपा सत्ता में नहीं थी तब विपक्ष तमाम तरह के तंज कसता था। कहा जाता था कि धारा 370 हटाई गई तो कश्मीर पाकिस्तान में मिल जाएगा। खून की नदियां बह जाएंगी। 70 साल की समस्या को 70 मिनट में सुधार दिया गया। लोग कहते थे मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख़ नही बताएंगे। आज डबल इंजन की सरकार के रहते भव्य राम मंदिर बन रहा है। कश्मीर और अयोध्या में शान्ति बनी रही और परिंदा भी पर नहीं मार पाया। लाल चौक जहां पर तिरंगा फहराना सपना होता था वहां तिरंगा भी फहराया गया और वन्दे मातरम भी गाया गया। यही बदलता हुआ भारत है। आज काशी में 5 लाख स्क्वायर फीट से अधिक क्षेत्र में बाबा का भव्य कारीडोर बना है आज गंगा के घाटों पर भव्य देव दीपावली होती है। आज अयोध्या की भव्य दव्यि दीपावली वहीं दृश्य उत्पन्न करती है जो किताबों में पढा है। सरयू का तट दीपों से जगमगता है।

Share this article
click me!