कैंसर से लड़ रही ये मासूम, 3 दिन में मदद को बढ़े दर्जनों हाथ, राजा भैया ने कहा- पूरी हेल्प करूंगा

ब्लड कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से जूझ रही 6 साल की मासूम बेटी विदुषी की मदद के लिए लोगों के हांथ बढ़ने लगे हैं। जनप्रतिनधियों के साथ ही व्यापारी व आम लोग भी विदुषी की मदद को आगे आए हैं 

Asianet News Hindi | Published : Nov 6, 2019 4:52 AM IST / Updated: Nov 06 2019, 03:10 PM IST

प्रतापगढ़(Uttar Pradesh ). ब्लड कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से जूझ रही 6 साल की मासूम बेटी विदुषी की मदद के लिए लोगों के हांथ बढ़ने लगे हैं। विदुषी के पिता ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई थी। हांलाकि अभी तक वहां से तो मदद नहीं मिली लेकिन स्थानीय लोगों व जनप्रतिनधियों ने आगे आकर इस मासूम के इलाज में मदद करने का बीड़ा उठा लिया है। 

गौरतलब है कि यूपी के प्रतापगढ़ जिले के सिप्तैन रोड के धर्मशाला वार्ड का रहने वाला अजय कुमार वाजपेयी चाट का ठेला लगाता है। उसकी आर्थिक स्थित ठीक नहीं है। चाट के ठेले से होने वाली कमाई से बड़ी मुश्किल से घर का खर्च चल पाता है। अजय की 6 साल की बेटी विदुषी को ब्लड कैंसर है।  जिसका वह पीजीआई में इलाज करा रहा है। कुछ दिनों तक तो उसने किसी तरह से इलाज कराया लेकिन अब आर्थिक तंगी के कारण वह बेटी का इलाज कराने में सक्षम नहीं रहा गया है। जिसके बाद उसने पीएम मोदी को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई थी। 

सबसे पहले राजा भैया की तरफ से आई मदद 
कैंसर से पीड़ित 6 साल की मासूम बेटी विदुषी के इलाज के लिए उसके पिता अजय ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर मदद माँगी थी। इसकी जानकारी जब राजा भैया को हुई तो उन्होंने इस मासूम की हरसम्भव मदद का आश्वासन दिया। विदुषी के पिता अजय ने बताया कि राजा भैया के पीआरओ ज्ञानेंद्र सिंह ने उनसे बात की और हरसम्भव मदद का आश्वासन दिया । इसके आलावा राजा भैया यूथ ब्रिगेड के सदस्य और प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह पिंटू ने पीड़ित के परिजनों से मुलाक़ात की और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की ओर से 51 हजार रूपए की मदद की। इसके अलावा उन्होंने डीएम के अनुमोदन किए लेटर पर राजा भैया की तरफ से मुख्यमंत्री सहायता कोष से भी मदद दिलाये जाने का आश्वासन दिया। 

व्यवसायी ने भी की मदद,कई ने जल्द मदद का दिया आश्वासन 
प्रतापगढ़ जिले के बड़े व्यवसायी व गायत्री गंगा ग्रुप के मालिक प्रज्ञा कुमार सिंह ने भी कैंसर पीड़ित विदुषी की मदद के लिए 50 हजार रूपए की मदद की है। उन्होंने बताया कि कैंसर पीड़ित बेटी की मदद मदद के लिए वह और लोगों से भी अपील करेंगे। विदुषी के पिता अजय वाजपेयी के मुताबिक़ इसके अलावा लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों ने उन्हें फोन करके मदद का आश्वासन दिया है। 

मासूम कैंसर पीड़ित के पिता मदद से हैं खासे उत्साहित 
बेटी के इलाज के लिए परेशान कैंसर पीड़ित मासूम विदुषी के पिता अजय वाजपेयी लोगों द्वारा की जा रही मदद से बहुत उत्साहित हैं। hindi.asianetnews.com से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि काफी लोगो ने मदद के लिए हांथ  बढ़ाया है। मेरे पास कई स्थानों से मदद के लिए फोन आ रहे हैं। 

बीजेपी एमएलए ने सीएम को लिखा पत्र 
रानीगंज विधानसभा से BJP MLA धीरज ओझा ने बताया कि कैंसर पीड़ित मासूम विदुषी की मदद के लिए हरसम्भव मदद की जाएगी। इसके लिए सीएम को पत्र लिखकर इलाज के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से परिजनों को इलाज में मदद दिलाए जाने की मांग की गई है।मासूम बेटी के परिजनों से मुलाकात करके अतिरिक्त मदद भी जल्द की जाएगी। 

सांसद के प्रयास से मिल चुकी है पांच लाख की मदद 
सांसद प्रतापगढ़ संगमलाल गुप्ता के प्रतिनिधि अभिषेक पांडेय ने बताया कि कैंसर पीड़ित बालिका के इलाज के लिए सांसद प्रतापगढ़ की सहायता से बीते 31 जनवरी 2019 को 5 लाख रूपए की मदद मिली थी। अब दूसरी किश्त के लिए पत्र डीएम प्रतापगढ़ की संस्तुति से आया है।  जल्द ही अगली किश्त भी उपलब्ध करवाई जाएगी। 

Share this article
click me!