
मुरादाबाद (UTTAR PRADESH ). समाजवादी पार्टी के नेताओं के विवादित बोल का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अब मुरादाबाद से सांसद एसटी हसन ने एक विवादित बयान दिया है। इसके पहले भी सांसद एसटी हसन विवादों में रहे हैं। दो माह पहले उन्होंने जयाप्रदा पर भी एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने फिल्मो में काम करने वाली अभिनेत्रियों की तुलना तवायफ से की थी। जिसके बाद उनकी चारों ओर काफी निंदा हुई थी।
आजम के समर्थन में चल रहे प्रदर्शन के दौरान दिया विवादित बयान
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान पर कार्रवाई के विरोध में सभी तहसीलों पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसी क्रम में मुरादाबाद सदर तहसील पर सपाइयों का प्रदर्शन चल रहा था। इसी प्रदर्शन में सांसद एसटी हसन भी मौजूद थे। यहां उन्होंने कहा कि संसद के भीतर के हालात ऐसे हो गए हैं जैसे लगता है कि मैं देश की संसद के बजाए किसी धार्मिक जलसे में बैठा हुआ हूं. सपा सांसद के इस बयान के बाद भाजपा ने इस पर तीखा प्रहार किया है।
दो माह पहले भी दिया था विवादित बयान
सांसद एसटी हसन ने इसके पहले भी कई बार विवादित बयान के साथ चर्चा में रहे है। दो माह पूर्व एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में हसन ने कहा था , 'जब लोगों के यहां मुजरे होते थे, तो उसमें तवायफ आती थी। वे मनोरंजन किया करती थीं। पहले जो सामने होता था, अब स्क्रीन पर होता है। पहले तवायफ का लफ्ज था, अब कलाकार का लफ्ज है। उन्होंने एक कार्यक्रम में अभिनेत्री जया प्रदा के खिलाफ भी विवादित बयान दिया था। हसन ने जया प्रदा की तुलना तवायफों से करते हुए कहा था कि रामपुर से आजम खान बड़े अंतर से जीते हैं। हालांकि जया प्रदा को भी 4,49,180 वोट मिले थे। एसपी सांसद हसन ने इसी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें दुख है कि आज के दौर में भी तवायफों को 4 लाख से ज्यादा वोट मिल जाते हैं।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।