मुलायम सिंह यादव हेल्थ अपडेटः अब भी नाजुक है नेताजी की तबियत, नरेश टिकैत और कृष्णा पटेल पहुंचे मेदांता अस्पताल

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का मेदांता अस्पताल के सीसीयू में इलाज लगातार जारी है। मेदांता अस्पताल की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि मुलायम सिंह यादव की तबियत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

Asianet News Hindi | Published : Oct 8, 2022 1:51 PM IST / Updated: Oct 08 2022, 07:23 PM IST

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संरक्षक और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तबीयत में शनिवार को भी कोई खास सुधार नहीं दिखाई दिया। अभी भी उनकी हालत क्रिटिकल ही बनी हुई है। मुलायम सिंह की हालत लगातार नाजुक होती जा रही है। गुरुग्राम स्थित मेदांता हॉस्पिटल के सीसीयू (क्रिटिकल केयर यूनिट) में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत की लगातार निगरानी कर रही है। सपा संरक्षक को जीवन रक्षक दवाएं दी जा रही है। इसी बीच अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव, नरेश टिकैत के अलावा सपा के नेता और कार्यकर्ता मेदांता में मौजूद हैं। वहीं अपना दल की नेता कृष्णा पटेल और पल्लवी पटेल भी मेदांता अस्पताल में नेताजी का हालचाल लेने के लिए अस्पताल पहुंची। 

नेताजी के स्वास्थ्य में नहीं हो रहा सुधार
मेदांता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ.संजीव गुप्ता ने बयान जारी करते हुए कहा कि मुलायम सिंह की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उन्हें जीवन रक्षक दवाइयां दी जा रही हैं। उनको यूरिन संक्रमण के साथ ही रक्तचाप की समस्या बढ़ गई है। ऑक्सीजन लेवल गिरने के कारण रविवार को उन्हें सीसीयू में शिफ्ट किया गया था। जिसके बाद से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बता दें कि नेताजी के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रदेश भर में दुआओं का दौर जारी है। नेताजी की सलामती के लिए प्रदेश भर में सपा कार्यकर्ता और नेता उनके लिए हवन-पूजन कर रहे हैं। इस बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का हाल-चाल जाना। राजनाथ सिंह ने अखिलेश यादव से बात कर विस्तार से जानकारी हासिल की। 

नेताओं का अस्पताल में लगा तांता
मुलायम सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद से अलग-अलग पार्टियों के तमाम नेता उनका हालचाल जानने के लिए मेदांता अस्पताल पहुंच रहे हैं। इससे पहले हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, राजद चीफ लालू प्रसाद, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव,कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा कई बड़े नेताओं ने अस्पताल जाकर अखिलेश यादव से मिलकर उनके पिता का हालचाल जाना है। वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुलायम सिंह यादव का इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम के साथ भी बैठक की। रक्षामंत्री ने अखिलेश यादव को केंद्र सरकार की ओर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। वहीं शुक्रवार को यूपी विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी मेदांता पहुंचकर नेताजी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। 

जारी है दुआओं का दौर
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारी कामना है कि जल्द ही सपा संरक्षक ठीक हो जाए। यूपी सरकार हर मदद के लिए तैयार है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के ठीक होने की कामना को लेकर लखनऊ समेत अन्य जगहों पर पूजा पाठ जारी है। कई जगहों पर महामृत्युंजय जाप भी करवाया जा रहा है। इस बीच अस्पताल के बाहर लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव ने पार्टी के लोगों से अपील की है कि वह अस्पताल न जाएं। इसकी वजह से डॉक्टरों औऱ अन्य मरीजों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जिसे भी अखिलेश यादव से मुलाकात करनी हो वह सुबह 10 बजे से पहले आवास पर आकर मिल सकता है। 

कभी जन्मदिन पर करते थे रक्तदान, अब किडनी दान देकर बचाना चाहते हैं मुलायम सिंह यादव की जान

Share this article
click me!