युवक को घर बुलाकर दी दर्दनाक मौत, दोस्त की लाश को गड्ढे में दफन करने के बाद चार साल तक उसी पर सोता रहा आरोपी

यूपी के मुजफ्फरनगर में एक युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने घर में शव दफना दिया और उसके कमरे में पक्की फर्श बनवा दी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि कंकाल का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा।

Asianet News Hindi | Published : Nov 13, 2022 5:45 AM IST

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई हैं। जिले के मंसूरपुर क्षेत्र के गांव नरा के स्थानीय लोगों ने बताया कि सलमान और मृतक मोहम्मद हसन में गहरी दोस्ती थी। दोनों के बीच रोज मिलना-जुलना भी होता था। घटना वाले दिन आरोपी सलमान ने हसन को अपने घर बुलाया और विवाद होने पर तलवार से वार कर हसन की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने गढ्ढा खोदकर शव दफना दिया और बाद में कमरे में पक्की फर्श बनवा दी। आरोपी ने जिस जगह पर शव दफनाया था, उसी स्थान पर चार साल तक वह चारपाई डालकर सोता रहा। 

हत्या के बाद अवसाद में रहने लगा आरोपी
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई सालों से आरोपी सलमान गुमशुम रहता था। वह ज्यादा किसी से बात भी नहीं करता था। लोगों का मानना है कि हत्या के कारण ही उसकी स्थिति ऐसी हो गई थी। शुरूआती पूछताछ के बाद पुलिस भी अवसाद के पीछे कारण हत्या मान रही है। जिस दौरान हसन की हत्या की गई उस समय सलमान अकेला रहता था। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान सलमान का परिवार गाजियाबाद में रहता था। वहीं नरा गांव निवासी गबरू के पांच बेटे थे। जिनमें से हसन दूसरे नंबर पर था। हसन गांव में ही रहकर मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी नाजमा के अलावा बेटी खुशबू, मेहरान व बेटा शायान व मेहरा हैं। 25 नवंबर 2018 को मोहम्मद हसन मजदूरी करने के लिए निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया।

चार साल बाद खुला हत्या का राज
वहीं गांव में किसी की मौत होने पर हसन का बड़ा भाई और आरोपी सलमान कब्रिस्तान पर गए हुए थे। इस दौरान सलमान ने हसन के भाई से पूछा कि हसन का कुछ पता चला तो सलीम ने इंकार कर दिया। इस पर आरोपी ने कहा कि उसका कैसे पता चलेगा उसे तो मैंने मार डाला है। सलीम ने यह जानकारी अपने घरवालों को दी। सलमान की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के चलते हसन के घरवालों ने उसकी बात पर भरोसा नहीं किया। इसके बाद आरोपी ने ग्रामीणों से भी ये बात कही तो कुछ लोगों ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद सलीम अपने घरवालों के साथ बीते शनिवार को आरोपी के घर पहुंचा। सलमान के बताए स्थान पर जब खुदाई की गई तो गड्ढे से पहले चप्पल और फिर एक हड्डी मिली।

पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मंसूरपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गड्ढे को खुदवाया तो कंकाल निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने हत्या कर जिस गड्ढे में शव दफनाया था। वह करीब 5 से 6 फुट गहरा था। कंकाल मिलने के बाद परिजनों को अन्य ग्रामीणों ने संभाला। बताया गया है कि सलमान ने वर्ष 2011 में साजिया निकाह किया था। साजिया साल 2017 में उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद उसने 2019 में समरीन से निकाह किया और वह भी उसे छोड़कर चली गई। पत्नी के छोड़कर जाने के पीछे आरोपी का समलैंगिग होना बताया गया। आरोपी सलमान के अलावा उसके घर में पिता सहाबुदीन, मां फातिमा, छोटा भाई जुनेद रहता था। खतौली सीओ राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी से मामले की पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि कंकाल का डीएनए करवाया जाएगा। 

यूपी में एक और विधानसभा सीट रिक्त घोषित, BJP विधायक विक्रम सैनी को लेकर जयंत चौधरी ने लिखा था पत्र

Share this article
click me!