यूपी चुनाव के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा ने घर-घर जाकर किया प्रचार, कहा- 'कांग्रेस ने हर तरह का मुद्दा उठाया'

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की कमान संभाल रही प्रियंका गांधी ने गाजियाबाद में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले 2 सालों में जमीन पर सिर्फ कांग्रेस ही दिखी है, कांग्रेस ने हर तरह का मुद्दा उठाया है। 

Asianet News Hindi | Published : Feb 4, 2022 8:44 AM IST / Updated: Feb 04 2022, 04:50 PM IST

लखनऊ: यूपी विधानसभा चुनाव (UP Vidhansabha Election) के लिए सभी राजनीतिक दल मैदान में पूरी ऊर्जा के साथ उतर चुके हैं। सभी नेताओं ने पहले चरण की तारीख के नजदीक आते ही चुनाव प्रचार को तेजी से बढ़ा दिया है। हाल ही में कांग्रेस की कमान संभाल रही प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने गाजियाबाद में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, 'हमने अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बहुत काम किया है। उत्तर प्रदेश में पिछले 2 सालों में जमीन पर सिर्फ कांग्रेस ही दिखी है, कांग्रेस ने हर तरह का मुद्दा उठाया है। जनता के साथ सिर्फ कांग्रेस ही खड़ी हुई है।'

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, 'उ.प्र. में हम पिछले 30 साल में पहली बार सभी 403 सीटों पर लड़ रहे हैं। लॉकडाउन, नोटबंदी आदि के चलते बहुत से छोटे और मध्यम उद्योग बंद होने की कगार पर हैं, उन्हें सहयोग नहीं मिल रहा। हम ये मुद्दे उठा रहे हैं।'

आपको बता दे कि प्रियंका गांधी ने गुरूवार को बुलंदशहर जाकर रोड शो किया। मौसम खराब होने की वजह से जमकर बारिश हुई लेकिन प्रियंका गांधी का काफिला आगे बढ़ता गया। इसके साथ ही उन्होंने भी नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत का मामला उठाया। उनसे पहले राष्ट्रीय लोकदल (RLD) अध्यक्ष जयंत चौधरी और समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव इस मुद्दे को उठा चुके हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरूवार को लड़की के परिजनों से मिली। इस दौरान उन्होंने कहा कि, 'एक बार फिर न्याय की आवाज को दबाने का प्रयास है। एक बार फिर उप्र सरकार के प्रशासन ने पीड़ित परिवार की मदद के बजाय, उन्हें परेशान किया। अन्याय की प्रतीक हाथरस घटना की तरह ही इसमें भी पुलिस ने FIR में बलात्कार का जिक्र नहीं किया और लड़की के शव को जबरन जला दिया।'

प्रियंका आगे कहती है कि, 'योगी आदित्यनाथ जी आप किस मुंह से महिलाओं के सुरक्षित होने की बात करते हैं, जब आपके प्रशासन का ट्रैक रिकॉर्ड हर घटना में महिलाओं और पीड़ित परिवारों का विरोध का है। मैं इस परिवार की लड़ाई में उनके साथ हूं और घटना की सीबीआई जांच की मांग का समर्थन करती हूं।' 

आपको बता दे कि राज्य में सात चरणों में मतदान होगा। जिसकी शुरुआत 10 फरवरी से पश्चिमी यूपी के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। इसके बाद दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा। वहीं, 20 फरवरी को तीसरे चरण में 59, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों, 3 मार्च को छठे चरण में 57 और  7 मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा। जबकि यूपी चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आएंगे।

यह भी पढ़े-

प्रयागराज के पीड़ित प्रतियोगी छात्रों से प्रियंका ने की बात, जल्द मिलने का किया वादा

यूपी चुनाव: घटनाओं का जिक्र कर अखिलेश यादव ने सरकारी दावों को बताया खोखला, कहा- कारोबार हो गया ठप

Read more Articles on
Share this article
click me!