यूपी में जुमे की नमाज के बाद बिगड़े हालात, कहीं पत्थर और बम तो कहीं पुलिस की गाड़ी में लगाई आग

जुमे की नमाज के बाद यूपी के कई जनपदों में प्रदर्शन की तस्वीर सामने आई। खुफिया एलर्ट के बावजूद जमकर पत्थरबाजी हुई और कई जगहों पर देसी बम भी चले। इस बीच कई अधिकारी भी घायल हो गए। 

Gaurav Shukla | Published : Jun 10, 2022 12:49 PM IST / Updated: Jun 10 2022, 06:23 PM IST

लखनऊ: यूपी के अलग-अलग जनपदों में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन हुआ। कई जगहों पर सिर्फ नारेबाजी हुई तो प्रयागराज में स्थिति सबसे ज्यादा तनावपूर्ण देखी गई। यहां पुलिस पर उपद्रवियों के द्वारा कथिततौर पर पत्थर और देसी बम से भी हमला किया गया। मामले के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने उपद्रवियों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया है। आपको बता दें कि पूरे प्रदेश में जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट जारी था। पुलिस के साथ ही खुफिया विभाग भी प्रदर्शनों को रोकने के लिए पूरी तरह से अलर्ट मोड पर था। हालांकि इसके बावजूद भी यह चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं। 

प्रयागराज में बुलानी पड़ी आरएएफ 
प्रयागराज में सामने आई पत्थरबाजी के बाद पुलिस को उपद्रवियों को खदेड़ने में मशक्कत का सामना करना पड़ा। पुलिस ने आंसू गैस के गोलो भी इस्तेमाल किए। इस बीच आरएएफ को भी बुला लिया गया। पत्थरबाजी की घटना यहां नमाज के बाद तकरीबन 2 बजे सामने आई। उपद्रवियों ने जनपद में पुलिस की गाड़ियों को भी जमकर निशाना बनाया। पीएसी की एक गाड़ी में भी यहां आग लगाने की तस्वीरें सामने आईं।  

एडीजी ने कहा सख्ती से निपटा जाएगा
एडीजी प्रयागराज प्रेम प्रकाश का भी प्रदर्शन को लेकर बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि हिंसा भड़काने में वामपंथी संगठनों का हाथ था। उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाएगा। वीडियो के माध्यम से पहचान की जा रही। जो लोग भी दोषी हैं उनपर कार्रवाई होगी।

सहारनपुर में जमकर हुई नारेबाजी 
सहारनपुर की जामा मस्जिद में 1:00 बजे जुमे की नमाज शुरू हुई। इसके बाद नमाज खत्म कर जब नमाजी मस्जिद से बाहर निकले तब उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। जुमे की नमाज के बाद सहारनपुर की सड़कों पर उतरे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने 15 से 20 मिनट तक मस्जिद के बाहर जमकर नारेबाजी की। मस्जिद के आसपास भारी पुलिस फोर्स तैनात थी। इसके बाद भी करीब करीब 15-20 मिनट तक मुस्लिम समुदाय के लोागें ने हंगामा किया। हाथ मे तिरंगा लेकर पहुंचे युवाओं ने भी प्रदर्शन किया। इसके बाद अधिकारियों ने सभी को समझाने का प्रयास किया, प्रदर्शन करने के बाद सभी वापस अपने घरों को निकल गए। हालांकि बाद में उन्हें शांत करवाया गया। 

फिरोजाबाद की आगा शाह मस्जिद के बाहर प्रदर्शन 
फिरोजाबाद जनपद में भी आगा शाह मस्जिद के बाहर प्रदर्शन हुआ। भीड़ ने झंडे लहराए और जमकर नारेबाजी की। इस बीच लोगों ने नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की। 

अलीगढ़ में मुस्लिम बाहुल्य इलाके में बाजार बंद 
सोशल मीडिया पर हुए आह्वान के बाद अलीगढ़ में मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में बाजार बंद रही। भले ही शहर मुफ्ती ने पत्र जारी कर शहर बंद करने के आह्वान की अपील को नकारा हो लेकिन उसके बावजूद यहां बाजारों में सन्नाटा पसरा देखा गया। 

मुरादाबाद में भी हुआ प्रदर्शन 
जुमे की नमाज के बाद मुरादाबाद में लोगों की नाराजगी देखने को मिली। नमाज पढ़ने के बाद वह भाजपा पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन करते हुए नजर आएं। इस बीच पुलिस ने किसी तरह से समझा-बुझाकर उन्हें वापस घर की ओर भेजा। 

अंबेडकरनगर में भी हुआ पथऱाव

अंबेडकरनगर में खुफिया विभाग की ओर से जारी इनपुट और कई जनपदों में धारा 144 लगे होने के बाद कई जिलों से चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं हैं। टांडा नगर के तलवापार में नमाज के बाद सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस पर पथराव कर दिया। 

सीएम योगी आदित्यनाथ हुए सख्त 
 यूपी के अलग-अलग हिस्सों में जुम्मे की नमाज के बाद हुए प्रदर्शन को लेकर सीएम योगी सख्त हो गए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा शांति भंग करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। यूपी में सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए है। अधिकारियों से कहा गया है कि उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाएगा।

अंबेडकरनगर में पुलिस पर पथराव, एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष को हिरासत में लिया गया

प्रयागराज में जुमे की नमाज के बाद बवाल, पुलिस की गाड़ी में लगाई गई आग

Share this article
click me!