
मैनपुरी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को मैनपुरी के करहल में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान वह भाजपा पर जमकर हमलावर हुए। अखिलेश करहल सीट से नामांकन के बाद दूसरी बार यहां पहुंचे थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता में सपा गठबंधन को लेकर काफी उत्साह है। भाजपा का ट्रांसफार्मर इस बार उड़ जाएगा। किसान से लेकर नौजवान तक भाजपा को उत्तर प्रदेश से हटाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। किसानों को खाद नहीं मिली, अगर खाद मिली तो उसमें बोरी से खाद चोरी हो चुकी थी।
इस दौरान अखिलेश यादव ने एक बार फिर से सपा की सरकार आने पर सिर्फ आईटी सेक्टर में ही 22 लाख नौकरियों के अपने वादे को दोहराया। उन्होंने कहा कि टीईडी, बीएड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रोजगार सेवकों की भी मदद सरकार बनने के बाद की जाएगी।
आगरा में जनसभा कर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने रविवार को ही आगरा में जनसभा कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। कोरोना संक्रमण काल में सरकार लोगों को इलाज ही नहीं दे सकीं। उस दौरान सपा सरकार ने जो एंबुलेंस दी थी वह घर-घर पहुंची और लोगों को अस्पताल लेकर गई। मौजूदा सरकार ने डायल 100 का नाम बदल दिया लेकिन सुविधाएं नहीं बढ़ाई गईं। 5 साल में न टायर बदले न गाड़ियां। पुलिस की सभी गाड़ियों को कबाड़ कर दिया गया।
इस दौरान अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि सरकार बनने पर युवाओं के भविष्य को सुधारने के साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में एक विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। सपा ने साइकिल हाईवे बनाया था जिस पर ट्रैक्टर भी चल सके। लेकिन मौजूदा सरकार ने उसके आगे कोई विकास ही नहीं किया।
UP Election Info: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में 403 विधानसभा सीट के लिए पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पांचवां चरण 27 फरवरी, छठा चरण 3 मार्च और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को है। कुल 7 चरणों में होगा यूपी में चुनाव। मतगणना 10 मार्च को होगी।
यूपी चुनाव : अखिलेश बोले- कोरोनाकाल में सरकार ने नहीं की जनता की मदद, पुलिस की गाड़ियां हुई कबाड़
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।