यूपी चुनाव में BJP की समस्या बढ़ा रहीं संघमित्रा मौर्य समेत इन नेताओं के खिलाफ जल्द हो सकता है एक्शन

यूपी चुनाव के बाद भाजपा बागी नेताओं पर एक्शन ले सकती है। चुनाव में इन नेताओं की ओर से बीजेपी की काफी समस्या बढ़ाई गई है। माना जा रहा है कि संघमित्रा मौर्य, रीता बहुगुणा जोशी और वरुण गांधी पर चुनाव के बाद कार्रवाई हो सकती है। 

Asianet News Hindi | Published : Mar 2, 2022 5:57 AM IST

लखनऊ: कुशीनगर के फाजिलनगर में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य की कार पर हुए हमले के बाद उनकी बेटी संघमित्रा कार्यकर्ताओं पर खुलकर बरसीं। जिसके बाद खबरें आईं कि संघमित्रा भाजपा छोड़ने वाली हैं। हालांकि इन बातों को संघमित्रा ने अफवाह बताया। संघमित्रा ने फेसबुक लाइव आकर इन बातों को अफवाह बताया और फाजिलनगर से बीजेपी प्रत्याशी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इसको लेकर निर्वाचन आयोग में अर्जी भी डाली गई। हालांकि पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संघमित्रा मौर्य पर चुनाव के बाद बीजेपी कार्रवाई कर सकती है। कार्रवाई की इस लिस्ट में संघमित्रा मौर्य के अलावा कई और बड़े नेताओं का भी नाम शामिल है।

संघमित्रा मौर्य पर हो सकती है कार्रवाई 
पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा चुनाव के बाद संघमित्रा मौर्य पर कार्रवाई कर सकती है। दरअसल संघमित्रा पर पहले भी आरोप लगते रहे हैं कि उन्होंने गुपचुप तरीके से पिता के लिए प्रचार किया। जिस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हमला हुआ उस दौरान भी वह साथ में थीं। इसको लेकर संघमित्रा ने कहा कि वह हमले के बाद वहां आईं। संघमित्रा ने कहा कि पिता पर रोड शो के दौरान हमला किया गया। दरअसल यह उन्हें मारने की साजिश थी। इसके बाद उन्होंने फाजिलनगर की जनता से स्वामी प्रसाद का साथ देने की भी अपील की। जिसके बाद माना जा रहा है कि उन पर जल्द ही कार्रवाई हो सकती है। 

वरुण गांधी पर भी हो सकता है एक्शन 
वरुण गांधी जिस तरह से भाजपा के खिलाफ बागी तेवर अख्तियार किए हुए हैं उसके बाद जल्द ही उन पर भी एक्शन हो सकता है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद बीजेपी वरुण गांधी पर कार्रवाई करेगी। वरुण गांधी लगातार कई वर्षों से बीजेपी की मुश्किलें बढ़ाए हुए हैं।  

रीता बहुगुणा जोशी पर भी हो सकती है कार्रवाई 
माना जा रहा है कि बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी पर भी चुनाव के बाद कार्रवाई हो सकती है। वह कैंट सीट से बेटे के लिए टिकट की मांग कर रही थीं। हालांकि बाद में उनके बेटे मयंक जोशी ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। अखिलेश यादव ने इसकी फोटो भी ट्वीट की थी। जिसके बाद माना जा रहा है कि चुनाव के बाद रीता बहुगुणा जोशी को लेकर भी पार्टी ठोस निर्णय ले सकती है। 

UP Election Info: उत्‍तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव 2022 में 403 व‍िधानसभा सीट के ल‍िए पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पांचवां चरण 27 फरवरी, छठा चरण 3 मार्च और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को है। कुल 7 चरणों में होगा यूपी में चुनाव। मतगणना 10 मार्च को होगी।

यूपी चुनाव में फाजिलनगर सीट SP-BJP के लिए बनी प्रतिष्ठा का सवाल, एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं सभी प्रत्याशी

यूपी चुनाव के बीच फाजिलनगर में सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प, कई गाड़ियों के शीशे टूटे

Share this article
click me!