CAA पर यूपी में बवाल: लखनऊ में पुलिस पर भीड़ ने की फायरिंग-2 चौकी में लगाई आग, एक शख्स की मौत

Published : Dec 19, 2019, 03:15 PM ISTUpdated : Feb 05, 2022, 03:23 PM IST
CAA पर यूपी में बवाल: लखनऊ में पुलिस पर भीड़ ने की फायरिंग-2 चौकी में लगाई आग, एक शख्स की मौत

सार

यूपी में धारा 144 लागू होने के बावजूद नागरिकता कानून को लेकर यूपी के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को राजधानी लखनऊ और संभल में प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। राजधानी के हसनगंज में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। यहां पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी गई। पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर उसे जलाने की कोशिश की गई।

लखनऊ (Uttar Pradesh). यूपी में धारा 144 लागू होने के बावजूद नागरिकता कानून को लेकर कई जिलों में विरोध प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को राजधानी लखनऊ और संभल में प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। राजधानी के हसनगंज, खदरा, ठाकुरगंज, परिवर्तन चौकी सहित कई इलाकों में प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। पुलिस सहित अन्य की गाड़ियों में आग लगा दी। मदेयगंज पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर आग लगा दी, जिससे वहां रखे सभी डाक्यूमेंट जल गए। यही नहीं, भीड़ की ओर से फायरिंग भी की गई। पुलिस ने जवाब में हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे। वहीं, ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के सतखंडा पुलिस चौकी को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा। हालात तनावपूर्ण है। भीड़ ने मीडिया कर्मियों को भी निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक, हुसैनाबाद में हुई हिंसा में जख्मी एक शख्स की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि शख्स के पेट में गोली लगी थी। अस्पतला ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि शख्स को गोली पुलिस की लगी या किसी अन्य की। शख्स का नाम मोहम्मद वकील बताया जा रहा है।

कई पुलिसकर्मी हुए जख्मी
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने खुद मोर्चा संभाल प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। कई थानों की फोर्स को लगाया गया है। बता दें, नागरिकता कानून के विरोध में सपा और कई संगठनों ने प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसको देखते हुए पूरे प्रदेश में धारा-144 लागू की गई थी। लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। फिलहाल, संवेदनशील इलाकों में आरएएफ, पीएसी, क्विक रिस्पांस टीम तैनात की गई। पथराव में आईजी रेंज के पीआरओ अंकित त्रिपाठी, सीओ हजरतगंज अभय मिश्रा समेत कई पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं। हालात का जायजा लेने के लिए डीजीपी ओपी सिंह परिवर्तन चौक पहुंचे। उन्होंने बताया कि, पुलिस से कोई चूक नहीं हुई है। अब तक 50 उपद्रवी गिरफ्तार हुए हैं। डीएम अभिषेक प्रकाश ने कहा- आरएएफ तैनात की गई है। माहौल शांत है। स्थिति काबू में है।

संभल में रोडवेज बस में लगाई गई आग
वहीं, संभल में प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। उप्रदवियों ने सदर इलाके में रोडवेज बसों में आगजनी की। पुलिस व प्रशासन की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा। आंसू गैस के गोले दागे। हालात तनावपूर्ण है। भीकई लोगों के घायल होने की सूचना है। 

लखनऊ के सभी मेट्रो स्टेशन बंद
लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन ने प्रदर्शन को देखते सभी 22 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। स्टेशनों व अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनके नाम फवाद, सदन अली और अली मुल्ला खान हैं। 

पैरेंट्स अपने बच्चों को कहीं भी जाने न दें
डीजीपी ने ट्वीट कर कहा, पूरे यूपी में धारा 144 लागू है। 19 दिसंबर को किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। मैं सभी अभिभावकों से अपील करूंगा कि वे इस दिन अपने बच्‍चों को कहीं भी जाने के लिए प्रेरित न करें। उन्‍हें प्रदर्शन में जाने से मना करें, नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गिरफ्तार 
लखनऊ के परिवर्तन चौक पर नागरिकता कानून के विरोध में कांग्रेस, वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो झड़प भी हुई। जिस पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजी है। पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

सावधान! काशी विश्वनाथ मंदिर में इस तरह हो रही थी अवैध वसूली, 7 लोग पकड़े गए
योगी सरकार की नीतियों से MSME को नई उड़ान, UP बनेगा 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का केंद्र