
मिशिगन। पालतू जानवरों के खो जाने के बाद उनका मिल पाना मुश्किल ही होता है, पर कई बार किस्मत साथ देती है तो खोए जानवर मिल भी जाते हैं। मिशिगन की एक बिल्ली के साथ ऐसा ही हुआ, जब 3 साल के बाद वह अपने मालिक से मिल सकी। तब उसकी और उसके मालिक की खुशी देखते ही बनती थी। मिशिगन के एनिमल कंट्रोल डायरेक्टर और एक पशु चिकित्सा क्लिनिक ने बिल्ली को उसके मालिक से मिलाने में बहुत मदद की।
10 साल की थी बिल्ली
यह 10 साल की एक फारसी बिल्ली थी। वायलेट नाम की इस बिल्ली के मालिक पॉटर ने कहा कि उसे पता नहीं कैसे एक दिन वह गायब हो गई। पॉटर ने कहा कि उसने बिल्ली की बहुत तलाश की, पर वह नहीं मिली। अंत में वह निराश हो गया। लंबे समय तक वह बिल्ली के खो जाने के गम में डूबा रहा।
कैसे मिली बिल्ली
इओनिया काउंटी एनिमल कंट्रोल की डायरेक्टर कार्ली क्विन ने कहा कि उन्होंने फेसबुक पर इस फारसी बिल्ली के बारे में एक पोस्ट देखी, जिसमें बताया गया था कि बिल्ली इओनिया के एक घर के बाहर बगीचे में पड़ी थी और ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। इसके बाद कार्ली बिल्ली को स्टर्नर वेटरनरी क्लिनिक में ले आई।
क्लिनिक में हुई देखभाल
क्लिनिक में पशु चिकित्सकों ने 10 साल की उस बिल्ली के लंबे बाल काटे, जो कीड़े और पिस्सुओं से भरे हुए थे। उन्होंने बिल्ली की साफ-सफाई की और उसे खाना दिया। खाने-पीने के बाद बिल्ली की हालत सुधरने लगी। इसके बाद पता लगाने की कोशिश की जाने लगी कि बिल्ली का मालिक कौन है।
माइक्रोचिप पर जानकारी नहीं थी अपडेट
बिल्ली की बॉडी पर जो माइक्रोचिप लगा था, उस पर जानकारी अपडेट नहीं थी। उससे सिर्फ बिल्ली के नाम और उसकी उम्र का पता चला, पर कॉन्टैक्ट डिटेल मिसिंग था। क्विन ने कहा कि बिल्ली के माइक्रोचिप से उसकी पहचान वायलेट के रूप में हुई जो 10 साल की थी और ग्रैंड रैपिड्स के पॉटर नाम के किसी शख्स की थी।
फेसबुक के जरिए लगाया पता
क्विन ने फेसबुक के जरिए पॉटर का पता लगाया और तब जाकर बिल्ली अपने मालिक से मिली। पॉटर ने कहा कि उसे पता नहीं कि वायलेट कैसे ग्रैंड रैपिड्स से इयोनिया काउंटी पहुंच गई और 3 साल तक कहां-कहां भटकती रही। फिर भी बिल्ली के मिल जाने पर पॉटर और उसकी फैमिली की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। बिल्ली भी बरसों बाद अपने घर में पहुंच कर काफी खुश नजर आ रही थी।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News