दुनिया में कोरोनाः अब तक 48 हजार से अधिक मौतें, स्पेन में 1 दिन 616 की गई जान, 9.5 लाख संक्रमित

दुनिया के 195 से अधिक देशों में कोरोना वायरस से अब तक 48 हजार से अधिक मौतें हो चुकी है। वहीं, 9.5 लाख संक्रमित हैं। कोरोना वायरस से अमेरिका में बुरा हाल है यहां 24 घंटे में 700 से अधिक लोगों की जान गई है। जबकि संक्रमण का आंकड़ा 2 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं, इटली में अब तक 13 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 

Asianet News Hindi | Published : Apr 2, 2020 2:51 AM IST / Updated: Apr 02 2020, 04:34 PM IST

नई दिल्ली. चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ कोरोना वायरस दुनियाभर में कहर बरपा रहा है। दुनिया के 195 से अधिक देशों में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 950,639 तक पहुंच गई है। जबकि दुनियाभर में 48,289 लोगों की जान चली गई है। इस वायरस से अब तक 202,631 व्यक्ति स्वस्थ हुए हैं। अमेरिका और इटली के बाद स्पेन में भी संक्रमित मरीजों  की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है। जबकि 9,387 लोगों ने दम तोड़ दिया है। 

अमेरिका में 2 लाख के पार पहुंची संख्या 

कोरोना वायरस के संक्रमण का असर सबसे ज्यादा अमेरिका में देखने के लिए मिल रहा है। अमेरिका में संक्रमित मरीजों की संख्या 2 लाख 15 हजार 175 तक पहुंच गई है। जबकि इस संक्रमण के चपेट में 5110 लोगों की जान चली गई है। वहीं, कुछ विशेषज्ञों ने अमेरिका में कोरोना से 2 लाख लोगों के मारे जाने की आशंका जताई है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए अमेरिका में लॉकडाउन जारी है जिससे सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे। बावजूद इसके कोरोना का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। 

न्यूयॉर्क : 470 हेल्थ वर्कर पॉजिटिव

न्यूयॉर्क हेल्थ डिपार्टमेंट के प्रवक्ता टेरेंस लिन ने बुधवार रात बताया कि शहर के ‌विभिन्न अस्पतालों में काम कर रहे 470 हेल्थ वर्कर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी को क्वैरेंटाइन किया गया है। लिन के मुताबिक, न्यूयॉर्क के 85 फीसदी आईसीयू इस वक्त फुल हैं। डिपार्टमेंट में कुल 72 हजार कर्मचारी हैं।

इटली में 13 हजार मौतें 

इटली में कोरोना वायरस ने 13 हजार 155 लोगों की जिंदगी छिन ली है। यहां कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 10 हजार 574 हो गई है। इटली में कोरोना वायरस से मौत के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं। इटली में पिछले घंटे में 727 लोगों ने अपनी जान गंवाई हैं जबकि 700 से अधिक नए केस सामने आए हैं। इटली में अब तक कुल 66 डॉक्टरों की कोरोना से मौत हो चुकी है। कुछ दिन पहले यह आंकड़ा 43 बताया गया था। कुल मिलाकर 8,956 हेल्थ केयर वर्कर संक्रमित हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4 हजार से ज्यादा हेल्थ वर्कर संक्रमित हैं।  

ब्रिटेन में एक दिन में 563 लोगों की मौत

बुधवार को ब्रिटेन में 563 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। यहां 24 घंटे में मौतों के लिहाज से यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड सोशल केयर के मुताबिक, 4324 नए केस सामने आए हैं। सरकार शुक्रवार को हालात की समीक्षा करेगी। जिससे संक्रमित मरीजों की संख्या 29,474 हो गई है। वहीं, ब्रिटेन में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 2352 हो गया है। ब्रिटेन की सेना ने 10 दिन में 4000 बेड का अस्थायी हॉस्पिटल तैयार किया है, जिसमें दो वार्ड हैं। बताया जा रहा कि कोरोना से जारी जंग में संक्रमित मरीजों को तत्काल उपचार देने के लिए सेना ने यह अस्पताल तैयार किया है। वहीं, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने एक जगह पर 2 लोगों से अधिक के इकठ्ठा होने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही देश में लॉकडाउन जारी है। 

स्पेन में 1 दिन में 619 मौतें 

स्पेन में गुरुवार को 619 लोगों ने दम तोड़ा है। इससे पहले बुधवार को 589 लोगों की मौत हुई थी। यहां एक दिन पहले 913 लोग मारे गए थे। देश में अब तक 10,003 लोग जान गंवा चुके हैं। यहां 1 लाख 10 हजार 238 लोग संक्रमित हैं। यहां लॉकडाउन का तीसरा हफ्ता चल रहा है। नेशनल हेल्थ इमरजेंसी के चीफ फर्नांडो सिमॉन भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

Share this article
click me!