Asianet News Hindi | Published : Nov 3, 2020 8:21 AM IST / Updated: Nov 07 2020, 11:13 PM IST

US result : ट्रंप को हराकर US के 46वें राष्ट्रपति बने बाइडेन, कमला हैरिस बनीं उप राष्ट्रपति

सार

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए मतदान हो चुका है। चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर से किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से दो बार अमेरिका के उपराष्ट्रपति रह चुके जो बाइडेन ट्रंप को टक्कर दे रहे हैं। चुनाव के बाद हिंसा की भी आशंका जताई जा रही है, इसको देखते हुए व्हाइट हाउस से लेकर कई प्रमुख स्थानों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

06:20 AM (IST) Nov 08

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल ने दी जीत की बधाई

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बाइडन के अमेरिका का राष्ट्रपति और भारतीय मूल की कमला हैरिस के उप राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी।

06:18 AM (IST) Nov 08

पीएम नरेंद्र मोदी ने बाइडेन और हैरिस को दी जीत की बधाई

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जो बाइडेन को बधाई दी। उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान भारत-अमेरिकी संबंधों को और मजबूती प्रदान करने में उनके योगदान का भी जिक्र किया।

11:18 PM (IST) Nov 07

बाइडेन ने ऐसे कहा अमेरिका की जनता को शुक्रिया

चुनाव जीतने के बाद जो बाइडन ने ट्वीट कर अमेरिकी जनता का आभार व्‍यक्‍त किया। बाइडन ने ट्वीट किया, 'आप सभी ने हमारे महान देश का नेतृत्‍व करने के लिए मुझे चुना इसके लिए आप सभी का तहेदिल से शुक्रिया। हमारे लिए भविष्‍य में कठिन चुनौतियां हैं लेकिन मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं सभी अमेरिकी लोगों का राष्‍ट्रपति बनूंगा। इससे पहले बाइडन ने राष्ट्र को दिए अपने संबोधन में कहा था कि हम महामारी को नियंत्रित करने की अपनी योजना पर काम शुरू कर रहे हैं।'

 

10:25 PM (IST) Nov 07

273 इलेक्टोरल वोट पाकर राष्ट्रपति बने बाइडेन

जो बाइडन अमेरिका के नए राष्ट्रपति होंगे।अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनावों में वोटों की गिनती पूरी हो गई है। न्यूज एजेंसी AP के अनुसार डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडन ने 273इलेक्टोरल वोट से अपने प्रतिद्वंदी डोनाल्ड ट्रंप को मात दी है।

05:23 PM (IST) Nov 07

वकील से राजनेता तक का सफर...अमेरिकी राजनीति में जो बाइडेन ने खेली है लंबी पारी

जो बाइडेन (77) की जीत तय मानी जा रही है। बता दें, बाइडेन को अमेरिकी राजनीति में करीब 48 साल का अनुभव है। एक वकील से राजनेता बने जो ने 1972 में पहली बार चुनाव लड़ा था। वे डेलावेयर की न्यू काउंटी से चुनाव जीते थे।

01:04 PM (IST) Nov 07

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स स्पीकर नैंसी बोलीं- बाइडेन ही अगले राष्ट्रपति

अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की स्पीकर नैंसी पेलोसी ने जो बाइडेन को अगला राष्ट्रपति बताया। मीडिया से बातचीत के दौरान पेलोसी ने कहा कि यह साफ है कि बाइडेन और हैरिस व्हाइट हाउस जाएंगे। बाइडेन के पास मजबूत बहुमत है। यह हमारे देश के लिए खुशी का दिन है। बाइडेन लोगों को जोड़ने वाले नेता हैं।

11:47 AM (IST) Nov 07

जॉर्जिया में जो बिडेन को 4000 वोट की बढ़त

जॉर्जिया में जो बिडेन 4000 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं। उन्हें 49.4% यानी 24,56,845 वोट मिले हैं। जबकि ट्रम्प को 49.3% यानी 24,52,825 वोट मिले हैं। अब तक 99% वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। 
 

09:45 AM (IST) Nov 07

हम 300 इलेक्टोरल वोट जीतेंगे- बाइडेन

जो बाइडन ने डेलावेयर के विलमिंगटन में अपने भाषण में कहा कि पूरा देश उनके पीछे हैं और वे स्पष्ट बहुमत से जीतेंगे। उन्होंने कहा, हम इस चुनाव में 300 इलेक्टोरल वोट जीतेंगे। हमें 7 करोड़ 40 लाख से ज़्यादा वोट मिले हैं जो अमेरिका के इतिहास में किसी भी राष्ट्रपति उम्मीदवार को मिले वोटों से ज्यादा हैं। हालांकि, अभी भी बाइडेन ने अपनी जीत का आधिकारिक ऐलान नहीं किया। 

09:41 AM (IST) Nov 07

हम चुनाव जीतने जा रहे- बाइडेन

बाइडेन ने कहा, नंबर हमें एक स्पष्ट और ठोस कहानी बताते है। हम इस दौड़ को जीतने जा रहे हैं।

 

09:08 AM (IST) Nov 07

Jill Biden बन सकती हैं अमेरिका की फर्स्ट लेडी; जानें कुछ दिलचस्प बातें

08:13 AM (IST) Nov 07

कोर्ट में चुनौती देने के लिए चंदा जुटाएगी रिपब्लिकन पार्टी

रिपब्लिकन पार्टी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा बाइडेन पर लगाए गए वोटिंग फ्रॉड के आरोपों पर साथ है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पार्टी ने कोर्ट में नतीजों को चुनौती देने के लिए 60 मिलियन डॉलर (करीब 443 करोड़ रुपए) जुटाने का लक्ष्य रखा है। 

07:53 AM (IST) Nov 07

इतिहास रचने के करीब कमला हैरिस

06:42 AM (IST) Nov 07

बाइडेन का दावा गलत- ट्रम्प

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंम्प ने कहा है कि बाइडेन को प्रेसिडेंसी का गलत दावा नहीं करना चाहिए। यह दावा मैं भी कर सकता था। उन्होंने साथ ही यह भी कहा है कि कानूनी कार्यवाही अभी शुरू हो रही है। 

06:35 AM (IST) Nov 07

फिलाडेल्फिया: काउंटिंग स्टेशन के पास हथियारों के साथ दो गिरफ्तार

फिलाडेल्फिया में वोटिंग काउंटिंग स्टेशन के पास से पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से पुलिस ने दो हैंडगन बरामद की हैं। दोनों वर्जिनिया के हैं और उनके पास हथियार फिलाडेल्फिया लाने का परमिट भी नहीं था।

01:22 AM (IST) Nov 07

जॉर्जिया में दोबारा होगी वोटों की गिनती

अमेरिका का अगला राष्ट्रपति कौन होगा ये सस्पेंस अब तक बरकरार है। जॉर्जिया के सचिव ब्रैड रैफेंसपर्गर ने कहा कि जैसे-जैसे हम मतगणना के आखिरी दौर में पहुंच रहे हैं, हम अपने अगले कदमों की ओर देखना शुरू कर सकते हैं। जॉर्जिया में रिकाउंट होगा। बता दें कि जॉर्जिया में 16 इलेक्टोरल वोट हैं। जॉर्जिया को रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ भी माना जाता है और ऐसे में जो बाइडेन यहां पर सेंध लगा चुके थे।

08:58 PM (IST) Nov 06

अब 5 राज्य में ट्रम्प सिर्फ 1 में आगे

बिडेन के कदम राष्ट्रपति चुनाव में जीत की ओर बढ़ गए हैं। जिन 5 राज्यों में काउंटिंग चल रही है, उनमें से अब ट्रम्प सिर्फ 1 राज्य यानी नॉर्थ कैरोलिना में आगे चल रहे हैं। वहीं, बाइडेन एरिजोना, नेवादा और जॉर्जिया में आगे चल रहे हैं। 

08:26 PM (IST) Nov 06

पेन्सिलवेनिया में भी पिछड़े ट्रम्प, 2016 में यहां से हासिल की थी जीत

ट्रम्प अब 20 इलेक्टोरल वोट वाले पेन्सिलवेनिया में भी पिछड़ गए हैं। यहां वे लगातार आगे चल रहे थे। इसे रिपब्लिकन का गढ़ माना जाता है। 2016 में ट्रम्प ने यहां से जीत हासिल की थी। 

07:00 PM (IST) Nov 06

250 के भीतर सिमट सकते हैं ट्रम्प

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना जारी है। अभी 5 राज्यों में काउंटिंग चल रही है। इनमें से 3 में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार डो बाइडेन आगे चल रहे हैं। वहीं, 2 में ट्रम्प को बढ़त है। ट्रम्प को अभी 214 इलेक्टोरल वोट मिले हैं। वहीं, जिन दो राज्यों पेन्सिलवेनिया (20 वोट), नॉर्थ कैरोलिना (15 वोट) में वे आगे चल रहे हैं। इमें अगर ट्रम्प को जीत मिल जाती है, तो उनके वोट 249 तक पहुंच सकते हैं।

वहीं, बाइडेन अभी एरिजोना को मिलाकर 264 वोट जीत चुके हैं। अगर वे नेवादा (6 वोट) और जॉर्जिया (16 वोट) में जीत जाते हैं, तो उनके वोट 286 तक पहुंच जाएंगे। जॉर्जिया में पहले ट्रम्प आगे चल रहे थे, लेकिन अब वहां बाइडेन आगे चल रहे हैं। वहीं, नेवादा में बाइडेन शुरू से आगे हैं। 

06:02 PM (IST) Nov 06

जॉर्जिया में ट्रम्प पिछड़ते जा रहे, यहां हारे तो वापसी का रास्ता बंद

जॉर्जिया में ट्रम्प बाइडेन से लगातार पिछड़ते जा रहे हैं। अगर यहां ट्रम्प हारे तो उनकी सत्ता में वापसी का रास्ता बंद हो जाएगा।  

04:05 PM (IST) Nov 06

जॉर्जिया में ट्रम्प पिछड़े

बाइडेन ने जॉर्जिया में भी ट्रम्प को पीछे छोड़ दिया है। यहां बाइडेन को अब तक 24,49,371 वोट मिले। वहीं, ट्रम्प ने 2448454 वोट हासिल किए। बाइडेन ट्रम्प से 917 वोट आगे चल रहे हैं। अगर वे यहां से जीतते हैं, 1992 के बाद ऐसा करने वाले पहले डेमोक्रेट होंगे। 

02:43 PM (IST) Nov 06

ग्रेटा थनबर्ग ने डोनाल्‍ड ट्रम्प की भाषा में उड़ाया उन्‍हीं का मजाक

अमेरिकी चुनाव में पिछड़ने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प काउंटिंग रोकने की मांग कर रहे हैं। अब इसे लेकर स्‍वीडन की पर्यावरण ऐक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ट्रम्प का उन्हीं की भाषा में मजाक उड़ाया है। ग्रेटा ने ट्वीट किया, 'बेहद हास्यास्पद। डोनाल्‍ड को अपने गुस्‍से के प्रबंधन की समस्‍या पर काम करना चाहिए, इसके बाद उन्हें अपने एक दोस्त के साथ अच्छी ओल्ड फैशन्ड फिल्म देखने चाहिए। शांत हो जाओ ट्रंप, शांत।' 


दरअसल,  ग्रेटा थनबर्ग को कुछ समय पहले टाइम ने 'पर्सन ऑफ द ईयर' चुना था। इसके बाद उन्हें दुनियाभर से बधाइयां मिली थीं। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उन्हें गुस्से पर काबू रखने की नसीहत दी थी। ट्रम्प ने ट्वीट किया था, 'बेहद हास्यास्पद। ग्रेटा को अपने ऐंगर मैनेजमेंट की समस्या पर काम करना चाहिए, इसके बाद उन्हें अपने एक दोस्त के साथ अच्छी ओल्ड फैशन्ड फिल्म देखने चाहिए। शांत हो जाओ ग्रेटा, शांत।'

02:34 PM (IST) Nov 06

तीन चैनलों ने रोका ट्रम्प का लाइव कवरेज

अमेरिका में तीन प्रमुख न्यूज चैनलों   ABC, NBC और CBS ने ट्रम्प के लाइव कवरेज पर रोक लगा दी। बताया जा रहा है कि ट्रम्प ने अपने भाषण में झूठे दावों के साथ चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। ट्रम्प ने आरोप लगाया कि बाइडेन ने जीतने के लिए अवैध वोटों का सहारा लिया।

12:58 PM (IST) Nov 06

इन चार राज्यों में उलझे हैं नतीजे

अमेरिकी चुनाव में मतगणना तीसरे दिन भी जारी है। सभी की निगाहें चार राज्यों एरिजोना, जॉर्जिया, नेवादा और पेन्सिलवेनिया पर टिकी हैं। एरिजोना और नेवादा में बाइडेन आगे चल रहे हैं। जबकि जॉर्जिया और पेन्सिलवेनिया में ट्रम्प को बढ़त है।  एरिजोना में 11 इलेक्टोरल वोट, नेवादा में 6 इलेक्टोरल वोट, पेन्सिलवेनिया में 20 इलेक्टोरल वोट और जॉर्जिया में 16 इलेक्टोरल वोट हैं। 

07:28 AM (IST) Nov 06

बाइडन ने ट्वीट कर कहा ये

जो बाइडन ने ट्वीट कर कहा कि 'कोई भी हमारे लोकतंत्र को हमसे दूर नहीं ले जाएगा। अभी नहीं, कभी नहीं। अमेरिका बहुत दूर आ गया है, बहुत सारी लड़ाइयां लड़ी हैं, और ऐसा होने देने के लिए बहुत अधिक संघर्ष किया है।'

07:26 AM (IST) Nov 06

ट्रंप बोले- 'हम इस तरह से चुनाव की चोरी होने नहीं दे सकते '

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि 'हमें लगता है कि हम बहुत आसानी से चुनाव जीत जाएंगे। हमें लगता है कि बहुत अधिक मुकदमेबाजी होने वाली है क्योंकि हमारे पास बहुत सारे सबूत हैं और यह खत्म होने जा रहा है, शायद, उच्चतम न्यायालय के स्तर .... हम इस तरह से चुनाव की चोरी होने नहीं दे सकते हैं।'

07:23 AM (IST) Nov 06

हिंसा की आंशका में कई हिरासत में

ट्रंप के धांधली का आरोप लगाने के बाद उनके समर्थक गई राज्यों में सड़क पर उतर गए हैं। कई जगह उनके पास हथियार भी दिखे हैं। बाइडन समर्थकाें के भी प्रदर्शन करने से हिंसा की आशंका है। डेनवर में झड़प के बाद पुलिस ने चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। मिनियापोलिस में और पोर्टलैंड में भी गिरफ्तारी हुई है। वाशिंगटन, फिनिक्स, मिनपोलिस में भी कई जगह प्रदर्शन और गिरफ्तारी हुई है।

04:17 AM (IST) Nov 06

सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के भी चुनाव हुए

राष्ट्रपति चुनाव के अलावा सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के भी चुनाव हुए हैं। सीनेट में रिपब्लिकन और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेट बहुमत में हैं। रिपब्लिकन अपनी सीटें कायम रखकर सीनेट में बढ़त जारी रखेगा। वहीं, कुछ सीटों पर हार के बावजूद हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेट आगे रहेंगे। हालांकि अभी इनकी मतगणना नहीं हुई है।
 

04:16 AM (IST) Nov 06

बाइडन ने ट्वीट कर कहा- 'हमारी शासन प्रणाली से दुनिया ईर्ष्या करती है'

जो बाइडन ने ट्वीट कर कहा कि 'लोकतंत्र में कभी-कभी गड़बड़ी होती है, इसलिए कभी-कभी इसके लिए थोड़ा धैर्य की आवश्यकता होती है। लेकिन उस धैर्य को 240 वर्षों से अधिक समय से पुरस्कृत किया गया है, हमारी शासन की एक प्रणाली है, जिससे दुनिया ईर्ष्या करती है।'
 

04:14 AM (IST) Nov 06

बाइडन को मिले रिकॉर्ड वोट

बाइडन अमेरिकी इतिहास में सर्वाधिक मत पाने वाले प्रत्याशी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा का रिकॉर्ड तोड़ा है। बाइडन को 7.07 करोड़ मत मिल चुके हैं। यह ओबामा से तीन लाख ज्यादा है। बाइडन लोकप्रिय मतों में ट्रंप से 27 लाख मत आगे हैं। ट्रंप 6.732 करोड़ मत पाकर ओबामा के रिकॉर्ड के करीब है। अमेरिका के 120 साल के  इतिहास में इस बार सर्वाधिक 66.6 फीसदी वोटिंग हुई थी।
 

01:06 AM (IST) Nov 06

जो बाइडेन ने किया ये ट्वीट

जीत से कुछ ही कदम दूर जो बाइडेन ने अपने ट्वीट में यह स्पष्ट करने की कोशिश की है कि वे चुनाव जीतने के बाद निष्पक्ष रहेंगे। अपने ट्वीट में जो बाइडेन ने लिखा, "मुझे स्पष्ट करने दें: मैंने एक गर्वित डेमोक्रेट के रूप में प्रचार किया, लेकिन मैं एक अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शासन करूंगा।"

 

12:39 AM (IST) Nov 06

ट्रंप ने ट्वीट किया, 'पेनसिल्वेनिया में बड़ी कानूनी जीत!'

डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडन जीत के करीब पहुंच चुके हैं। वहीं ट्रंप ने जॉर्जिया, मिशिगन और पेनसिल्वेनिया को लेकर मुकदमा दर्ज कराया है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि 'पेनसिल्वेनिया में बड़ी कानूनी जीत!'

 

 

12:27 AM (IST) Nov 06

मिशिगन के जज ने खारिज किया ट्रंप का मुकदमा

मिशिगन के एक जज ने डोनाल्ड ट्रंप के कैंपेन द्वारा दायर एक मुकदमे को खारिज कर दिया है। जज का कहना है कि ये मुकदमा आखिरी वोटों की गिनती होने से कुछ पहले ही दायर किया गया था। 

12:17 AM (IST) Nov 06

जार्जिया में रिपब्लिकंस का मुकदमा खारिज

सीएनएन के मुताबिक जॉर्जिया की अदालत ने वोटों की गिनती को लेकर रिपब्लिकंस का मुकदमा खारिज कर दिया है। 

11:50 PM (IST) Nov 05

जार्जिया में 14000 वोटों से आगे हैं ट्रंप

जॉर्जिया में 98 प्रतिशत वोटों की गिनती हो चुकी है। डोनाल्ड ट्रंप 14,000 वोटों से आगे चल रहे हैं।

11:48 PM (IST) Nov 05

जो बाइडन ने बढ़ाया समर्थकों का हौसला

जो बाइडन ने ट्वीट किया- धैर्य रखें, दोस्तों। वोटों की गिनती हो रही है और हम जहां है उसके लिए हम अच्छा महसूस कर रहे हैं।

 

11:32 PM (IST) Nov 05

ट्रंप ने कहा, बंद करो फ्रॉड

ट्रंप लगातार ट्वीट कर रहे हैं। इस बार उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘बंद करो फ्रॉड'
 

10:35 PM (IST) Nov 05

ट्रंप ने फिर किया जीत का दावा

डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, 'बाइडन के दावे वाले सभी राज्यों में हम वोटर फ्रॉड और स्टेट इलेक्शन फ्रॉड के लिए कानूनी चुनौती देंगे। बहुत सारे सबूत हैं- मीडिया देखते रहें। हम ही जीतेंगे।'

09:01 PM (IST) Nov 05

डोनाल्ड ट्रंप ने किया एक और ट्वीट

चुनाव वाले दिन के बाद आने वाले किसी भी वोट की गिनती नहीं होगी।

 

08:33 PM (IST) Nov 05

ट्रम्प ने ट्वीट कर काउंटिंग रोकने की अपील की

अमेरिका में वोटों की गिनती जारी है। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट कर काउंटिंग रोकने की मांग की है। दरअसल, ट्रंप ने वोटों की गिनती में गड़बड़ी की आशंका जाहिर की है, जिसके चलते मतगणना रोकने की मांग कर रहे हैं। 

07:49 PM (IST) Nov 05

ट्रंप अगर चुनाव हारे तो...टूटेगा 1992 का ये रिकॉर्ड

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अगर चुनाव हार जाते हैं तो वे तीन दशक के पहले ऐसे अमेरिकी राष्ट्रपति बन जाएंगे जिसे दूसरे कार्यकाल के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले साल 1992 में जॉर्ज डब्ल्यू बुश दूसरे कार्यकाल के लिए जीत हासिल करने में नाकाम साबित हुए थे, उन्हें विपक्षी डेमोक्रेट उम्मीदवार बिल क्लिंटन ने हराया था।