अजीत डोभाल से बोले चीनी विदेश मंत्री- सीमा विवाद पर मिलकर काम करने को हैं तैयार

Published : Jul 10, 2024, 07:54 PM ISTUpdated : Jul 10, 2024, 07:55 PM IST
ajit doval

सार

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से कहा है कि उनका देश भारत के साथ मिलकर सीमा विवाद पर काम करने के लिए तैयार है। 

बीजिंग। चीन के विदेश मंत्री वांग यी (Wang Yi) ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल (Ajit Doval) को फिर से एनएसए और भारत-चीन सीमा मामले का विशेष प्रतिनिधि बनाए जाने पर बधाई दी है। पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच सीमा विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। इसके चलते दोनों देशों के रिश्ते खराब हैं।

इस बीच अपने बधाई संदेश में चीन के विदेश मंत्री ने अजीत डोभाल से कहा कि उनका देश सीमा संबंधी मुद्दे पर भारत के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भारत और चीन के संबंध का वैश्विक महत्व बढ़ रहा है। विदेश मंत्री होने से साथ ही वांग भारत-चीन सीमा वार्ता तंत्र में चीन के विशेष प्रतिनिधि भी हैं।

चीनी विदेश मंत्री बोले-सीमा पर शांति के लिए हाथ मिलाने को हैं तैयार

चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने बुधवार को बताया कि वांग ने कहा कि वह "दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने, सीमावर्ती क्षेत्रों में जमीनी हालात से संबंधित मुद्दों को उचित तरीके से संभालने और सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति के लिए डोभाल के साथ हाथ मिलाने के लिए तैयार हैं।"

दरअसल, कजाकिस्तान के अस्थाना में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ चीन के विदेश मंत्री की बैठक हुई थी। इसके बाद चीनी विदेश मंत्री ने यह संदेश दिया है। भारत में हुए आम चुनाव के बाद पीएम नरेंद्र मोदी की तीसरी सरकार के गठन के बाद यह भारतीय और चीनी अधिकारियों के बीच पहली उच्च स्तरीय बैठक थी।

भारत-चीन सीमा विवाद सुलझाने के लिए बना है विशेष प्रतिनिधि तंत्र

बता दें कि भारत और चीन के बीच 3,488 किलोमीटर लंबी सीमा है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से सीमा विवाद चल रहा है। पूर्वी लद्दाख के गलवान घाटी में 2020 में चीन और भारत के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। इसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। सीमा पर दोनों ओर से सैनिकों की भारी तैनाती की गई है।

यह भी पढ़ें- 'यह युद्ध का समय नहीं, समस्याओं का समाधान रणभूमि में नहीं हो सकता', पढ़ें ऑस्ट्रिया में क्या बोले पीएम मोदी

सीमा विवाद सुलझाने के लिए चीन और भारत ने विशेष प्रतिनिधि तंत्र का गठन किया है। भारत की ओर से इसका नेतृत्व अजीत डोभाल और चीन की ओर से उनके विदेश मंत्री कर रहे हैं। इसकी 19 बार बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन सीमा विवाद सुलझाने में सफलता नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें- 'बहुत दर्दनाक है बच्चों की मौत, बम-बंदूक के बीच नहीं होती शांति की बात', पढ़ें रूस-यूक्रेन जंग पर पुतिन से क्या बोले मोदी

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Japan Earthquake: 7.6 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट, 10 फीट ऊंची लहरें उठने की आशंका
पाकिस्तानी संसद में गधे के घुसने का वीडियो वायरल, जानें क्या है इसका सच