कोरोना से अब तक 30 हजार मौतें, स्पेन की राजकुमारी की गई जान,17 दिन में PM ट्रूडो की पत्नी हुईं ठीक

कोरोना वायरस के संक्रमण से दुनिया के 195 देश प्रभावित हैं। अमेरिका में संक्रमण के आंकड़े इटली और चीन से भी ज्यादा हैं। अमेरिका में संक्रमण के आंकड़े 1 लाख 23 हजार तक पहुंच गए हैं। वहीं, इटली में मरने वालों की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई है। 

Asianet News Hindi | Published : Mar 29, 2020 3:03 AM IST / Updated: Mar 29 2020, 04:13 PM IST

नई दिल्ली. दुनिया के 195 देश कोरोना से जूझ रहे हैं। दुनिया भर में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 6 लाख 63 हजार 740 हो गई है, जिसमें 30,879 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि इन संक्रमितों में से एक लाख 42 हजार 183 लोग ठीक भी हो चुके हैं। इटली में शनिवार मौतों का आंकड़ा 10 हजार के पार पहुंत गया। वहीं अमेरिका में मरने वालों की संख्या 2227 हो गई है। जबकि स्पेन में बीते 24 घंटे में 832 लोगों ने दम तोड़ा। जिससे यहां मरने वालों की संख्या 6 हजार के करीब है। सरकार ने महामारी से निपटने के लिए सेना तैनात कर दी है। 

PM ट्रूडो की पत्नी हुई ठीक 

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफी ग्रेगॉयर कोरोनावायरस से ठीक हो गई हैं। ट्रूडो के ऑफिस ने 12 मार्च को उनके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की थी। वे लंदन से वापस आने के बाद संक्रमित हुई थीं। इसके बाद प्रधानमंत्री, उनकी पत्नी और पूरे परिवार को आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया था। कनाडा में अब तक 5,655 लोग संक्रमित हैं, जबकि 60 की मौत हो चुकी है। 

इटली

दुनिया में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा मौतें इटली में हुईं हैं। शनिवार रात यह आंकड़ा 10,023 हो गया। शनिवार को 889 संक्रमितों ने अंतिम सांस ली। इसी दौरान 3,651 नए मामले भी सामने आए। कुल पॉजिटिव केसों का आंकड़ा 92,457 हो गया। इन संक्रमित मरीजों में से 12,384 लोग ठीक भी हो चुके हैं। 

स्पेन

कोरोना वायरस से इटली के बाद स्पेन सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन गया है। यहां अभी तक संक्रमित मरीजों की संख्या 73,235 तक पहुंच गई है। वहीं मरने वालों का भी आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। अभी तक यहां 5,982 लोगों ने दम तोड़ दिया है।  वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्पेन के घराने में भी पहुंच गया है। वहां संक्रमण की शिकार हुईं राजकुमारी मारिया टेरेसा की शनिवार को मौत हो गई है। 

अमेरिका

अमेरिका में संक्रमण का आंकड़ा शनिवार को 1 लाख 23 हजार 750 हो गया। यह संख्या इटली और चीन से भी ज्यादा है। 24 घंटे में 402 लोगों की मौत हुई। संक्रमण के 18,691 नए मामले सामने आए।अमेरिका में मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। वहां, अभी तक 2277 लोगों ने जान गंवा दी है। अमेरिका लगातार संक्रमण को रोकने के लिए तमाम कोशिशें कर रहा है। बावजूद इसके अमेरिका में संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। इन सब के इतर अमेरिका इस वक्त की सबसे बड़ी बेरोजगारी की समस्या से भी जूझ रहा है। 33 लाख लोगों ने बेरोजगारी रजिस्ट्रेशन करवाया है।

ईरान

पश्चिम एशिया में ईरान सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। स्थानीय मीडिया ने शनिवार को बताया कि यहां एक दिन में 139 नई मौतें रिकॉर्ड की गई हैं। यहां अब तक 2517 लोगों की मौत हुई है। जबकि संक्रमण के 35 हजार 408 मामले सामने आए हैं। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए ईरान ने शुक्रवार से देशभर में एक हफ्ते के लिए सोशल डिस्टेंसिंग लागू कर दी है।  

फ्रांस

कोरोना का संक्रमण फ्रांस में भी तेज होता जा रहा है। फ्रांस में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 35,575 तक पहुंच गई है। वहीं, एक दिन में 300 से ज्यादा लोगों ने दम तोड़ दिया है। जिससे मौत का आंकड़ा 2314 तक पहुंच गया है। सरकार ने देश में लॉकडाउन 15 दिन तक बढ़ा दिया गया है। अब यह 15 अप्रैल तक चलेगा। फ्रांस यूरोप का तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है।

पाकिस्तान 

पाकिस्तान में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पाकिस्तान में 1500 के पार संक्रमित मरीज हैं। जबकि अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कोरोना के बढ़ते असर देखते हुए पाकिस्तान के एक कोर्ट ने 1200 से ज्यादा कैदियों को रिहा करने का आदेश दिया है। जेलों में संक्रमण रोकने के लिए यह फैसला किया गया। इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने 408 उन कैदियों को भी रिहा करने के लिए कहा है जो कम गंभीर मामले में सजा काट रहे हैं या फिर जिनका ट्रायल चल रहा है। 

जापान

जापान के योकोसुका स्थित अमेरिकी नेवल बेस पर दो सैनिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद सैन्य अड्डे को शुक्रवार रात से 48 घंटे के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। जापान में 1500 लोग संक्रमित हैं। 49 लोगों की मौत हो चुकी है।

रूस

रूस की व्लामिदीर पुतिन सरकार ने 30 मार्च से देश की सभी सीमाएं सील करने का फैसला किया है। सरकारी वेबसाइट पर यह जानकारी शनिवार शाम दी गई। सीमाएं अस्थायी तौर पर बंद की जा रही हैं। कोरोना से संक्रमित लोगों के देश में प्रवेश को रोकने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। इसके पहले पुतिन सरकार ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर बैन लगाया था। रूस में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1264 हैं। जहां अभी तक 4 लोगों की मौत हुई है। संक्रमित मरीजों में से 49 पॉजिटिव मरीज ठीक भी हो चुके हैं। 

चीन

चीन में कोरोना वायरस का केंद्र बने वुहान शहर में यात्रा प्रतिबंधों में ढील दी गई है। जनवरी से ही शहर के 1.1 करोड़ लोग घरों में बंद थे। दो महीने बाद शनिवार को शहर को आंशिक रूप से खोला गया। लोग शहर में प्रवेश कर सकते हैं, लेकिन यहां से बाहर नहीं जा सकते। हुबेई प्रांत में कई फैक्ट्रियां में फिर से काम शुरू हो गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, वुहान में संक्रमण से ठीक हुए लोगों के फिर से संक्रमित होने की भी खबर है। 5% से 10% मरीजों में फिर से कोरोना की पुष्टि हुई है। हालांकि, शुक्रवार को संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया। लेकिन पूरे चीन में संक्रमण के 45 नए मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 81,439 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिसमें 3300 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 75,448 लोग ठीक हो चुके है।

Share this article
click me!