
लंदन। ब्रिटेन की वैक्सीनेशन (Vaccination) प्रोग्राम से जुड़ी एक समिति ने बूस्टर डोज (Booster Dose) को 18-39 वर्ष के सभी लोगों के लिए बढ़ाने की सलाह दी है। समिति ने सेकंड डोज और बूस्टर डोज (Booster Dose) के बीच के अंतर को घटाकर तीन महीने कर दिया है। 12 से 15 वर्ष तक की उम्र के सभी लोगों को अब फाइजर/बायोएनटेक की वैक्सीन की दूसरी डोज लेने की सलाह दी गई है, जो पहली खुराक के 12 हफ्ते बाद लेनी होगी। 3 डोज ले चुके गंभीर रूप से बीमार और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को अब चौथी बूस्टर डोज देने की सलाह दी गई है।
ब्रिटेन में 3 नए मरीजों में फिर मिला नया वैरिएंट, सार्वजनिक जगहों पर मास्क अनिवार्य
स्कॉटलैंड में ओमीक्रोन (Omicorn) के तीन नए मामले सामने आने के बाद ब्रिटेन (Britain) में कोरोना वायरस के नए स्वरूप (Covid 19 New Variant) से जुड़े मामलों की संख्या 14 हो गई है। इसके बाद मंगलवार से देश में सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) ने कहा कि आज से प्रभावी होने जा रहे उपाय सही हैं। ओमीक्रोन की सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में पहचान की गई थी, जिसके बाद ब्रिटेन ने दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, लेसोथो, इस्वातिनी, ज़िम्बाब्वे, नामीबिया, मलावी, मोज़ाम्बिक, जाम्बिया और अंगोला को यात्रा प्रतिबंधों की सूची में शामिल कर लिया था।
अंतरराष्ट्रीय यात्रा के नियमों में भी कड़ाई
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को ब्रिटेन आने पर 24 घंटों में RT-PCR टेस्ट करवाना होगा। रिपोर्ट निगेटिव आने तक उन्हें सेल्फ क्वारेंटाइन रहना होगा। ओमीक्रोन के संदिग्ध मामलों से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में आए सभी लोगों को सेल्फ क्वारेंटाइन रहना होगा, भले ही उन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज क्यों न लगवा ली हों।
WHO की चेतावनी- बहुत अधिक जोखिम वाला हो सकता है नया म्यूटेंट
डब्ल्यूएचओ (WHO) ने सोमवार को आगाह किया था कि कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) से जोखिम बहुत ज्यादा दिख रहा है। उसने कहा कि रूप परिवर्तित कर चुके वायरस से गंभीर परिणामों के साथ मामलों में वृद्धि हो सकती है। यह चेतावनी दुनियाभर के कई देशों द्वारा वैरिएंट की जानकारी देने और ट्रैवल एडवाइजरी जारी होने के बीच बीच आई है। उधर, वैज्ञानिक पता लगाने की कोशिश में जुटे हैं कि बदला हुआ म्यूटेंट कितना खतरनाक हो सकता है।
जापान ने सभी विदेशियों की यात्रा रोकी
जापान ने घोषणा की है कि वह सभी विदेशी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा रहा है। वहीं इजराइल ने भी अपनी सीमाएं बंद कर दी हैं। मोरक्को ने देश आने वाली सभी उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया। अमेरिका और यूरोपीय संघ के सदस्यों सहित अन्य देशों ने भी, दक्षिणी अफ्रीका से आने वाले यात्रियों को प्रतिबंधित किया है।
यह भी पढ़ें
Parliament Session : 10 हजार से ज्यादा ने मांगी भारतीय नागरिकता, अफगानिस्तान से ज्यादा आवेदन पाकिस्तान से आए
मायावती का ऐलान- 'विधानसभा की 403 सीटों पर अकेली चुनाव लड़ेगी BSP'
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।