वर्ल्ड डेस्क। 15 महीने से अधिक समय तक चली लड़ाई के बाद इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम समझौता हुआ है। समझौता लागू होने के पहले दिन हमास ने तीन इजरायली बंधकों को रिहा किया। इसके चलते 471 दिनों बाद रोमी गोनेन, डोरोन स्टीनब्रेचर और एमिली दामारी घर लौट सकीं। इन्हें हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को हमले के दौरान बंधक बना लिया था। जानें कौन हैं हमास द्वारा रिहा की गईं तीन बंधक।
28 साल की ब्रिटिश-इजरायली नागरिक एमिली दामारी को 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमले के दौरान किबुत्ज कफर अजा से बंधक बनाया गया था। उसके हाथ में गोली मार दी गई थी। उसके कुत्ते को भी मार डाला गया था।
एमिली की मां मैंडी डमारी हमले के समय किबुत्ज में एक अलग घर में थीं। वह एक सुरक्षित कमरे में छिपकर बाल-बाल बच गईं। मार्च 2024 तक एमिली के परिवार को पता नहीं था कि वह जिंदा है या नहीं।
31 साल की डोरोन स्टीनब्रेचर नर्स हैं। वह जानवरों के इलाज में मदद करती हैं। 7 अक्टूबर को हमास ने गाजा की उत्तर-पश्चिमी सीमा के पास किबुत्ज कफर अजा में उनके अपार्टमेंट से उन्हें अगवा कर लिया था। किबुत्ज गाजा से लगी सीमा के पास है। हमास ने यहां हमला किया था और घरों को जला दिया था। बहुत से परिवारों के सभी सदस्यों को मार डाला गया या बंधक बना लिया गया।
हमला होने पर डोरोन ने अपने परिवार और दोस्तों को व्हाट्सएप मैसेज भेजे थे। बताया था कि आतंकवादियों के आने पर वह अपने बिस्तर के नीचे छिप गई थी। बाद में उसे पकड़ लिया गया। उसने घटना का वीडियो शेयर किया था। इसमें डोरोन के चिल्लाने और गोलीबारी की आवाज सुनी गई। अगवा किए जाने के चार महीने बाद तक डोरोन के परिवार को उसके ठिकाने के बारे में जानकारी नहीं थी।
रोमी गोनेन नेगेव रेगिस्तान में आयोजित नोवा संगीत समारोह में भाग लेने के लिए गई थी। 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने यहां नरसंहार किया था। 360 से अधिक लोगों को मार डाला गया था। खुले रेगिस्तान में होने के चलते पीड़ितों को बचने का मौका नहीं मिला। यहां से हमास ने बहुत से लोगों को बंधक बनाया था। इनमें रोमी भी थीं।
हमला होने पर रोमी ने अपने परिवार को फोन किया। उसकी मां, मीरव ने बाद में अपने परिवार को आखिरी कॉल के बारे में बताया। उसने गोलियों की आवाज और अरबी में चिल्लाने की आवाज सुनी। रोमी को डांस करना पसंद है। वह कोरियोग्राफर हैं।