
वाशिंगटन। संयुक्त राज्य अमेरिका के ओहियो में एक भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक छात्र की पहचान आदित्य अदलखा के रूप में हुई है। वह सिनसिनाटी विश्वविद्यालय (University of Cincinnati) में पीएचडी की पढ़ाई करने गए थे। आदित्य की कार पर हमलावर ने गोली चलाई, जिसके चलते कार हादसे का शिकार हो गई। आदित्य को गंभीर स्थिति में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आदित्य मॉलिक्यूलर एंड डेवलपमेंटल बायोलॉजी में पीएचडी करने अमेरिका गए थे। उन्हें 9 नवंबर को गोली मारी गई। 18 नवंबर को उनकी मौत सिनसिनाटी यूनिवर्सिटी के मेडिकल सेंटर में हुई। सिनसिनाटी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आदित्य को एक कार के अंदर गोली मारी गई थी। उनकी कार वेस्टर्न हिल्स वियाडक्ट पर एक दीवार से टकरा गई थी।
9 नवंबर को आदित्य को मारी गई थी गोली
स्थानीय लोगों ने 9 नवंबर को सुबह 6:20 बजे के आसपास इलाके में गोलियों की आवाज सुनने की सूचना दी। आदित्य की कार को कई बार टक्कर मारी गई, ड्राइवर की तरफ की खिड़की में कम से कम तीन गोलियां लगीं। आदित्य को गंभीर स्थिति में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक इलाज के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सिनसिनाटी कॉलेज ऑफ मेडिसिन ने बताया है कि पिछले साल आदित्य को अल्सरेटिव कोलाइटिस पर एक रिसर्च प्रोजेक्ट को सपोर्ट करने के लिए यूनिवर्सिटी रिसर्च काउंसिल का ग्रेजुएट स्टूडेंट स्टाइपेंड और रिसर्च कॉस्ट प्रोग्राम पुरस्कार मिला था। उम्मीद थी कि वह 2025 में अपनी डॉक्टरेट की पढ़ाई पूरी कर लेंगे।
यह भी पढ़ें- अमेरिका ने नाकाम की खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नून को मारने की साजिश, भारत के सामने उठाया मुद्दा
गोलीबारी करने के मामले में नहीं हुई है गिरफ्तारी
दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामजस कॉलेज से 2018 में जूलॉजी में ग्रेजुएशन करने के बाद आदित्य ने 2020 में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली में फिजियोलॉजी में मास्टर की डिग्री पूरी की। इसके बाद वह पीएचडी के लिए सिनसिनाटी यूनिवर्सिटी गए थे। हमले के कारण का पता नहीं चला है। गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद से कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।