Nobel Prize 2020: रॉबर्ट विल्सन और पॉल मिलग्रोम को मिलेगा अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार

साल 2020 के नोबेल पुरस्कार ( Nobel Prize)घोषणाएं होना शुरू हो चुकी है। इसी कड़ी में इस साल अर्थशास्त्र के क्षेत्र में दिया जाने वाला नोबेल पुरस्कार पॉल आर मिलग्रो और रॉबर्ट बी विल्सन को दिये जाने का ऐलान किया गया है। मिलग्रो और विल्सन को यह पुरस्कार ऑक्शन थ्योरी (नीलामी सिद्धांत) में सुधार और नीलामी के नए तरीकों का आविष्कार करने के लिए दिया गया है।

Asianet News Hindi | Published : Oct 12, 2020 10:34 AM IST

एशियानेट डेस्क. साल 2020 के नोबेल पुरस्कार  ( Nobel Prize)घोषणाएं होना शुरू हो चुकी है। इसी कड़ी में इस साल अर्थशास्त्र के क्षेत्र में दिया जाने वाला नोबेल पुरस्कार पॉल आर मिलग्रो और रॉबर्ट बी विल्सन को दिये जाने का ऐलान किया गया है। नोबेल पुरस्कार समिति ने सोमवार को इस साल के छठे और अंतिम  पुरस्कार विजेताओं का एलान किया। मिलग्रो और विल्सन को यह पुरस्कार ऑक्शन थ्योरी (नीलामी सिद्धांत) में सुधार और नीलामी के नए तरीकों का आविष्कार करने के लिए दिया गया है।

मिलग्रोम और विल्सन दोनों अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में कार्यरत हैं। इन्होंने अध्ययन किया कि नीलामी कैसे काम करती है। उन्होंने ऐसी वस्तुओं और सेवाओं के लिए (जैसे कि रेडियो फ्रीक्वेंसी) नए नीलामी प्रारूपों को तैयार किया, जिन्हें पारंपरिक तरीके से बेचना मुश्किल है। उनकी खोजों से दुनियाभर के विक्रेता, खरीदार और करदाताओं को लाभ पहुंचा है।

बीते दिनों में चिकित्सा, भौतिकी और रसायन के पुरस्कारों का ऐलान हो चुका है। सभी पुरस्कार अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि 10 दिसंबर को स्टॉकहोम में दिए जाएंगे।

रसायन क्षेत्र में दिया गया पुरस्कार

बुधवार को रसायन क्षेत्र में दो महिला वैज्ञानिकों ईमैनुएल चार्पियर और जेनिफर डूडना को संयुक्त रूप से यह पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है। 52 वर्षीय ईमैनुएल चार्पियर फ्रांस की रहने वाली हैं और 54 वर्षीय जेनिफर डूडना अमेरिका की निवासी हैं। दोनों वैज्ञानिकों ने जेनेटिक सीजर की अहम खोज की है। इसके जरिए जानवरों, पौधों, माइक्रोऑर्गेनिज्म के डीएनए में बदलाव कर गंभीर रोगों का इलाज संभव हो सकेगा।

भौतिकी क्षेत्र में दिया गया पुरस्कार

मंगलवार को भौतिकी क्षेत्र में तीन वैज्ञानिकों रोजर पेनरोज, रीनहार्ड गेंजेल और एंड्रिया गेज को संयुक्त रूप से यह पुरस्कार देने का ऐलान किया गया। रोजर पेनरोज को अल्बर्ट आइंस्टीन के जनरल थ्योरी ऑफ रिलेटिविटी के बारे में पता करने के लिए मैथेमेटिकल मेथड तैयार करने के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, गेंजेल और गेज को संयुक्त रूप से ब्लैक होल और मिल्की वे के रहस्यों को समझाने के लिए नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा।

चिकित्सा क्षेत्र में दिया गया पुरस्कार

सोमवार को चिकित्सा के क्षेत्र में फिजियोलॉजी या मेडिसिन में खोज के लिए अमेरिका के हार्वे जे अल्टर, चार्ल्स एम राइस और ब्रिटिश वैज्ञानिक माइकल ह्यूटन को संयुक्त रूप से यह पुरस्कार देने का ऐलान किया गया। चिकित्सा के क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार इन वैज्ञानिकों को हैपेटाइटिस-सी (Hepatitis C) वायरस की खोज के लिए दिया गया है।

क्यों दिया जाता है नोबेल पुरस्कार

नोबेल पुरस्कार स्वीडन के वैज्ञानिक अल्फ्रेड बनार्ड नोबेल की याद में दिया जाता है। अल्फ्रेड ने अपनी मृत्यु से पहले अपनी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा ट्रस्ट को दिया था, ताकि उस धनराशि से मानव जाति के हित में काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया जा सके। पहला नोबेल शांति पुरस्कार 1901 में दिया गया था। इन वैज्ञानिकों को नोबेल पुरस्कार के रूप में एक मेडल और 8 करोड़ रुपये मिलेंगे।

मेडिकल क्षेत्र में इस पुरस्कार का महत्व इस वक्त और बढ़ जाता है क्योंकि पूरी दुनिया कोरोना वायरस से जूझ रही है। नोबेल पुरस्कार अलग-अलग क्षेत्रों जैसे भौतिकी, रसायन, साहित्य, अर्थशास्त्र और शांति के लिए दिया जाता है।
 

Share this article
click me!