क्या है ICBM जिसे रूस ने पहली बार यूक्रेन पर दागा, क्यों माना जाता है खतरनाक

Published : Nov 21, 2024, 04:09 PM ISTUpdated : Nov 21, 2024, 04:22 PM IST
Intercontinental Ballistic Missile

सार

यूक्रेन पर रूस ने ICBM से हमला किया है। दनिप्रो शहर पर गुरुवार सुबह मिसाइलें दागी गईं। यूक्रेनी सेना ने क्रूज और किंजल मिसाइलों को भी मार गिराने का दावा किया।

वर्ल्ड डेस्क। यूक्रेन की सेना ने कहा है कि रूस ने उस पर ICBM (Intercontinental Ballistic Missile) से अटैक किया है। गुरुवार सुबह Dnipro शहर पर हमले के दौरान इसका इस्तेमाल किया गया।

यूक्रेन की वायु सेना ने बयान में कहा, "रूस के अस्त्राखान क्षेत्र से एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की गई।" यह नहीं बताया गया कि रूस ने किस प्रकार का ICBM दागा था।

यूक्रेन की सेना ने यह भी कहा कि दनिप्रो पर हमले में सात क्रूज मिसाइलों के साथ एक X-47M2 किंजल बैलिस्टिक मिसाइल भी दागी गई। एक को छोड़कर बाकी सभी क्रूज मिसाइलों को मार गिराया गया। अन्य मिसाइलों से कोई खास नुकसान नहीं हुआ।

ICBM क्या है?

ICBM लंबी दूरी तक मार करने वाले मिसाइल होते हैं। ये आकार में बड़े और भारी होते हैं। इन्हें अधिक मात्रा में विस्फोटक या परमाणु हथियार ले जाने के लिए डिजाइन किया जाता है। इसके चलते ये बेहद खतरनाक होते हैं। लॉन्च किए जाने के बाद ICBM पहले ऊंचाई प्राप्त करते हैं। ये धरती के वायुमंडल से ऊपर चले जाते हैं फिर बेहद तेज रफ्तार से टारगेट की ओर बढ़ते हैं। करीब आने पर वायुमंडल में फिर से प्रवेश करते हैं और टारगेट पर गिरते हैं। इनमें एक या एक से अधिक वारहेड्स लगाए जा सकते हैं।

ICBM ऐसे मिसाइल को कहा जाता है जिनका रेंज कम से कम 5,500km हो। कुछ ICBM का रेंज 9 हजार किलोमीटर से भी अधिक है। आईसीबीएम को साइलो या मोबाइल लॉन्च वाहनों से लॉन्च किया जा सकता है। ये ठोस या तरल ईंधन वाले हो सकते हैं। ठोस ईंधन वाले आईसीबीएम को अधिक खतरनाक माना जाता है। इन्हें तरल ईंधन वाले आईसीबीएम की तुलना में कम समय में लॉन्च किया जा सकता है। पहला ICBM 1957 में तत्कालीन सोवियत संघ द्वारा लॉन्च किया गया था। इसके बाद 1959 में अमेरिका ने ICBM लॉन्च किया।

भारत के पास है अग्नि-V ICBM

भारत के पास अग्नि-V नाम का ICBM है। इसका रेंज 5,000km से अधिक है। अग्नि-V को ट्रक पर लोड होने वाले मोबाइल सीलबंद कनस्तर से लॉन्च किया जाता है। इसे लॉन्च करने के लिए तैयार होने में कम समय लगता है। यह 1,650kg विस्फोटक ले जाता है।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Japan Earthquake: 7.6 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट, 10 फीट ऊंची लहरें उठने की आशंका
पाकिस्तानी संसद में गधे के घुसने का वीडियो वायरल, जानें क्या है इसका सच