
कीव। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही तनातनी (Russia Ukraine crisis) को शांत करने के लिए अमेरिका के सेक्रेटरी और स्टेट एंटनी ब्लिंकेन (Antony Blinken) यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे हैं। उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की और उन्हें आगाह किया कि रूस की सेना बहुत कम समय में हमला कर सकती है।
रूस के करीब एक लाख सैनिक यूक्रेन से लगी सीमा पर तैनात हैं, लेकिन उनके कमांडरों का कहना है कि उनके पास हमला करने का कोई प्लान नहीं है। यूक्रेन पर रूसी हमले के खतरे को देखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन ने यूक्रेन को 200 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त रक्षा सहायता करने की स्वीकृति दी है। एंटनी ब्लिंकेन से मुलाकात के दौरान जेलेंस्की ने मदद के महत्व पर जोर दिया और नाटो में शामिल होने की अपने देश की महत्वाकांक्षाओं को दोहराया।
नाटो में शामिल होने की कोशिश से भड़का विवाद
यूक्रेन अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन नाटो में शामिल होना चाहता है। अमेरिका, ब्रिटेन और नाटो के अन्य देश खुलकर यूक्रेन का समर्थन कर रहे हैं। यूक्रेन को हथियार और सैन्य प्रशिक्षण दे रहे हैं। वहीं, रूस को यह मंजूर नहीं कि नाटो संगठन उसकी सीमा तक पहुंच जाए। यूक्रेन के नाटो में शामिल होने से रोकने के लिए रूस ने उसकी सीमा पर भारी हथियारों के साथ एक लाख से अधिक सैनिकों को तैनात कर दिया है।
यूक्रेन संकट पर अमेरिका और रूस के अधिकारियों के बीच बातचीत भी चल रही है। रूस ने अमेरिका से इस बात की गारंटी की मांग की है कि यूक्रेन को नाटो में शामिल नहीं किया जाएगा। कीव की यात्रा के बाद एंटनी ब्लिंकेन शुक्रवार को जेनेवा में रूस से विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात करेंगे। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बुधवार को यूक्रेन पर हमला करने की स्थिति में रूस को नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी है।
ये भी पढ़ें
US President Joe Biden ने रूस को दी चेतावनी, यूक्रेन पर हमला किया तो चुकानी होगी भारी कीमत
यूक्रेन-रूस संकट के बीच US जुटा रशिया को अलग-थलग करने में, विदेश मंत्री ब्लिंकन का टूर शुरू
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।