रूस के मगदान में फंसे यात्रियों को लेकर एयर इंडिया के विमान ने सैन फ्रांसिस्को के लिए भरी उड़ान, तकनीकी खराबी के चलते डायवर्ट हुई थी फ्लाइट

Published : Jun 08, 2023, 08:37 AM IST
Air India Biggest Deal

सार

रूस के मगदान में फंसे 216 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया की रिप्लेसमेंट फ्लाइट ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी है। नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहे एयर इंडिया के विमान को इंजन में तकनीकी खराबी आने पर मगदान डायवर्ट किया गया था। 

नई दिल्ली। एयर इंडिया (Air India) की रिप्लेसमेंट फ्लाइट ने रूस के मगदान से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी है। एयरलाइन ने गुरुवार को कहा कि रिप्लेसमेंट फ्लाइट AI173 चालक दल के सभी सदस्यों और यात्रियों को लेकर रवाना हो गई है। फ्लाइट गुरुवार को 12.15 बजे सैन फ्रांसिस्को पहुंचेगी।

मंगलवार को एयर इंडिया के बोइंग BA.N 777 विमान ने दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरा था। उड़ते वक्त इंजन में खराबी आने पर विमान को रूस के मगदान एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। इसके बाद बुधवार को एक दूसरे विमान को एयर इंडिया ने मुंबई से मगदान भेजा। यह विमान यात्रियों और क्रू मेंबर्स को लेकर अमेरिका के लिए रवाना हो गया है।

विमान में सवार हैं 216 यात्री

मगदान भेजे गए एयर इंडिया के विमान में 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे। मगदान छोटा शहर है। यहां के होटल में इतनी जगह नहीं थी कि इतने अधिक लोगों को ठहराया जा सके। यात्रियों को स्थानीय प्रशासन की मदद से एयरपोर्ट के पास स्थित एक स्कूल में ठहराया गया। यहां एक कमरे में 20-20 लोग जमीन पर लगाए गए बिस्तर पर सोये। यात्रियों को करीब 36 घंटे रूस में ठहरना पड़ा। मगदान रूस की राजधानी मॉस्को से 10 हजार किलोमीटर दूर है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय को एयर इंडिया ने बताया था कि वे यात्रियों की देखभाल कर रहे हैं। स्थानीय सरकार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था के लिए मदद कर रही है। भारतीय दूतावास को भी भोजन और आवश्यक सामान प्रदान करने के लिए कहा गया।

अमेरिका ने कहा- कर रहे स्थिति की बारीकी से निगरानी
भारतीय विमान के रूस डायवर्ट किए जाने पर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा कि विमान में 50 से कम अमेरिकी नागरिक थे। विभाग को उनमें से किसी के भी रूस में अमेरिकी दूतावास या अन्य डिप्लोमेटिक पोस्ट्स तक पहुंचने की जानकारी नहीं है। हम स्थिति पर बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

पुतिन एयरपोर्ट पर उतरे, PM मोदी ने किया ऐसा स्वागत… रूस हुआ हैरान!
'हाथ मिलाया-गले लगे' PM Modi ने कैसे किया दोस्त पुतिन का ग्रांड वेलकम-Watch Video