
मारियुपोल। यू्क्रेन पर रूस द्वारा किए गए हमले (Russia Ukraine War) का आज 11वां दिन है। यूक्रेन के मुख्य शहरों में रूस और यूक्रेन की सेना के बीच लड़ाई हो रही है। इस बीच युद्धग्रस्त इलाके में फंसे आम लोगों और विदेशी नागरिकों को निकालने की पहल भी की जा रही है। दक्षिण-पूर्वी शहर मारियुपोल में घमासान लड़ाई के चलते वहां फंसे लोगों को निकलने का मौका नहीं मिल रहा था।
युद्धग्रस्त क्षेत्र में फंसे लोगों को मानवीय गलियारा बनाकर निकालने को लेकर रूस और यूक्रेन के बीच सहमति बनी थी। इसके चलते तय समय के लिए युद्धविराम भी किया जा रहा है। इसी क्रम में मारियुपोल सिटी काउंसिल ने रविवार को मानवीय गलियारे के माध्यम से नागरिकों को निकालने की घोषणा की है। मारियुपोल सिटी काउंसिल ने घोषणा की कि 6 मार्च को सुबह 10 बजे से रात 9 बजे (स्थानीय समय) तक युद्धविराम की स्थापना की जाएगी। नागरिक आबादी की निकासी 12:00 बजे शुरू होगी। इस दौरान नागरिक यहां से निकलने में सक्षम होंगे। शहर से निकलने के लिए तीन स्थानों से बसें मिलेंगी। इसके अलावा लोग निजी परिवहन द्वारा भी निकल सकते हैं।
निकासी में हुई एक दिन की देरी
बता दें कि रूस ने मानवीय गलियारा बनाने को लेकर एक दिन पहले ही सहमति जताई थी। यूक्रेन की ओर से इसकी घोषणा करने में एक दिन की देर हुई। इस देरी के लिए दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए हैं। रूस ने कहा कि यूक्रेनी बलों ने शनिवार को लोगों को शहर छोड़ने से रोका, जबकि यूक्रेनी अधिकारियों ने रूसी बलों पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करने में देरी के लिए दोषी ठहराया।
यह भी पढ़ें- रूस का दावा- 2,203 यूक्रेनी सैन्य ठिकाने हुए तबाह, 93 विमान किए नष्ट
डोनेट्स्क के अधिकारियों के अनुसार पहले 17 लोग मारियुपोल से निकलने में सफल रहे और 36 अन्य को शनिवार को गणतंत्र की पुलिस के एक एस्कॉर्ट के साथ बसों द्वारा शहर से बाहर ले जाया गया। रूस और यूक्रेन 4 मार्च को बेलारूस में दूसरे दौर की वार्ता में नागरिकों को निकालने के लिए मानवीय गलियारों को व्यवस्थित करने पर सहमत हुए थे। इस बीच, मारियुपोल के मेयर वादिम बॉयचेंको ने शनिवार को जानकारी दी कि शहर को रूसी बलों द्वारा अवरुद्ध कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- निशाना लगाया, ट्रिगर दबाया और खेल खत्म, इस मिसाइल ने रूसी सेना के लिए खड़ी की परेशानी
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार 450,000 लोगों की आबादी वाला मारियुपोल रूसी सेना के लिए रणनीतिक महत्व का है। मारियुपोल को लेकर वे एक जमीनी गलियारे को पूरा कर सकते हैं। यह क्रीमिया को दक्षिणी रूस से जोड़ेगा। रूस की तनिक न्यूज एजेंसी के मुताबिक रूस और यूक्रेन के बीच तीसरे दौर की वार्ता 7 मार्च को हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।