
US Russia Submarine Fleet Strength: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के करीब के रणनीतिक ठिकानों पर दो परमाणु पनडुब्बियों को तैनात करने का आदेश दिया है। इसपर रूसी सरकार ने अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। एक सीनियर रूसी सांसद, विक्टर वोडोलात्स्की ने कहा है कि रूस के पास अमेरिका से अधिक परमाणु पनडुब्बियां हैं। आइए जानते हैं अमेरिका और रूस के पास किस तरह के न्यूक्लियर सबमरीन हैं। इनकी क्षमता क्या है। पानी के नीचे कौन अधिक ताकतवर है।
अमेरिकी नौसेना के पास ओहायो श्रेणी (Ohio-class) की बैलिस्टिक मिसाइल सबमरीन (SSBNs) हैं। ये अपनी गुप्त क्षमता और परमाणु हथियारों के लिए जानी जाती हैं। ऐसी कम से कम 14 पनडुब्बियां सेवा में हैं। ये 20 बैलिस्टिक मिसाइलों को ले जा सकती हैं। इनका मुख्य हथियार ट्राइडेंट D5 SLBM है। यह न्यूक्लियर मिसाइल है।
अमेरिका नौसेना परमाणु ऊर्जा से चलने वाली तीन तरह की अटैक सबमरीन इस्तेमाल करती है। ये हैं वर्जीनिया-क्लास, सीवुल्फ-क्लास और लॉस एंजिल्स-क्लास। ये टॉमहॉक मिसाइलों, हार्पून मिसाइलों और MK-48 टॉरपीडो से लैस हैं। इन्हें दुश्मन के जहाजों की तलाश और नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है। ये खुफिया जानकारी जुटा सकते हैं और निगरानी कर सकते हैं। इनसे बारूदी सुरंगें बिछाई जा सकती हैं।
अमेरिका के पास वर्जीनिया-क्लास के 24 सबमरीन हैं। इनमें यूएसएस हवाई, यूएसएस नॉर्थ कैरोलिना, यूएसएस मिसौरी आदि शामिल हैं। अमेरिकी बेड़े में 3 सीवुल्फ-क्लास की पनडुब्बियां हैं। यूएस नेवी के पास लॉस एंजिल्स-क्लास की 24 पनडुब्बियां हैं।
रूस के पास 64 पनडुब्बियों का बेड़ा है। इनमें से करीब 14 बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियां (SSBN) हैं। इनमें बोरेई-क्लास और डेल्टा IV-क्लास शामिल हैं। रूसी नौसेना के पास 8 बोरेई क्लास के एसएसबीएन हैं। यह पनडुब्बी 16 बुलावा बैलिस्टिक मिसाइल और छह 533 मिमी टॉरपीडो लॉन्चर से लैस है। ये पनडुब्बी रोधी रॉकेट और बॉटम माइंस भी दाग सकते हैं। बोरीस, डेल्टा IV-क्लास की पनडुब्बियों की जगह लेंगी। कम से कम छह डेल्टा इस समय सेवा में हैं। डेल्टा IV-क्लास की सबमरीन 16 सिनेवा बैलिस्टिक मिसाइल से लैस हैं।
रूसी नौसेना के पास चार यासेन-क्लास की न्यूक्लियर अटैक सबमरीन हैं। ये रूस के पुराने अटैक सबमरीन से आकार में छोटी हैं। इन्हें चलाने के लिए कम सैनिकों की जरूरत होती है। इस क्लास की पनडुब्बियां या तो 5 3M54-1 कलिब्र मिसाइलें या 4 P-800 32-40 ओनिक्स मिसाइलें ले जा सकती हैं। रूसी नेवी के पास अकुला-क्लास की 5 पनडुब्बियां हैं।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।