
World Population Facts: दुनिया ने हाल ही में 15 नवंबर को 8 अरब की जनसंख्या के आंकड़े को छू लिया। फिलीपींस की राजधानी मनीला के एक अस्पताल में दुनिया के 8 अरबवें बच्चे ने जन्म लिया, जो एक लड़की है। इस बच्ची का नाम विनीस माबानसाग है। बता दें कि पिछले कुछ सालों में दुनिया की आबादी तेजी से बढ़ी है और इसमें चीन और भारत का बड़ा योगदान है। दुनिया की आबादी को 7 से 8 अरब तक पहुंचाने में जिन 10 देशों का सबसे ज्यादा योगदान रहा है, उनमें से 5 देश एशिया महाद्वीप से हैं।
सिर्फ 11 सालों में 100 करोड़ हो गए हम :
2011 में दुनिया की आबादी 7 अरब थी। यानी तब से अब तक सिर्फ 11 सालों में विश्व की जनसंख्या 1 अरब बढ़कर 8 अरब तक पहुंच गई। दुनिया को 7 से 8 अरब तक पहुंचाने में जिन 10 देशों का सबसे ज्यादा योगदान है, उसमें 5 एशियाई देश हैं। ये देश चीन, भारत, इंडोनेशिया, पाकिस्तान और बांग्लादेश हैं।
चीन से हर रोज 36 हजार ज्यादा बच्चे भारत में पैदा हो रहे :
UN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में रोजाना करीब 4 लाख बच्चे पैदा होते हैं। इनमें से सिर्फ भारत और चीन में ही 35% बच्चे पैदा हो रहे हैं। भारत में जहां रोजाना 86 हजारे बच्चे पैदा हो रहे हैं, तो वहीं चीन में ये आंकड़ा 49 हजार का है। एक अनुमान के मुताबिक, 2023 के आखिर तक भारत (141 करोड़) दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन जाएगा। अभी चीन 145 करोड़ की जनसंख्या के साथ दुनिया का सबसे बड़ा देश है।
दुनिया में हर तीसरा शख्स चीनी या फिर भारतीय :
एक अनुमान के मुताबिक, दुनिया का हर तीसरा शख्स या तो चीनी होगा या फिर भारतीय। दरअसल, चीन और भारत की कुल आबादी करीब 300 करोड़ है। यह विश्व की कुल जनसंख्या का करीब 37% हिस्सा है। ऐसे में कुल आबादी का इतना बड़ा हिस्सा होने की वजह से दुनिया का हर आदमी भारतीय या चीनी ही होगा।
लगातार घटती जनसंख्या से घबराया ये देश, 10 बच्चे पैदा करने वाली औरतों को ईनाम में देगा इतने लाख रुपए
अगले 77 सालों में 11 अरब हो जाएंगे हम :
पिछले कुछ सालों में दुनिया की आबादी जिस तेज गति से बढ़ रही है, उसमें आने वाले कुछ सालों में कमी जरूर देखी जाएगी। इसकी एक वजह खराब लाइफस्टाइल के चलते फर्टिलिटी रेट में आने वाली गिरावट है। हालांकि इसके बाद भी इस सदी के आखिर यानी 2100 तक दुनिया की आबादी 11 अरब तक पहुंच जाएगी।
ये हैं दुनिया के 5 सबसे आबादी वाले शहर :
दुनिया के 5 सबसे आबादी वाले शहरों की बात करें तो इसमें भारत की राजधानी दिल्ली भी शामिल है। दुनिया का सबसे जनसंख्या वाला शहर जापान की राजधानी टोक्यो है। इसकी आबादी 3.74 करोड़ है। दूसरे नंबर पर दिल्ली है, जिसकी आबादी 2.85 करोड़ है। तीसरे नंबर पर चीन का शंघाई है, जिसकी जनसंख्या 2.55 करोड़ है। वहीं चौथे नंबर पर ब्राजील का साओ पाओलो शहर है, जिसकी आबादी 2.16 करोड़ है। पांचवे नंबर पर मेक्सिको सिटी है, जिसकी जनसंख्या 2.15 करोड़ है।
किन-किन रिलीजन को मानते हैं दुनिया के 8 अरब लोग :
दुनिया की 8 अरब आबादी में सबसे ज्यादा लोग क्रिश्चियन यानी ईसाई हैं। कुल आबादी का 31% यानी 2.48 अरब लोग क्रिश्चियन हैं। वहीं दूसरे नंबर पर इस्लाम को मानने वाले हैं। करीब 23% यानी 1.84 अरब लोग मुस्लिम हैं। तीसरे नंबर पर हिंदू धर्म को मानने वाले लोग हैं। इनकी आबादी 15% यानी 1.2 अरब है। इसके बाद 7% बौद्ध (56 लाख), 16% किसी भी रिलीजन को न मानने वाले लोग हैं।
ये भी देखें :
जानें किस देश और शहर में जन्मा वो बच्चा, जिसके पैदा होते ही 8 अरब हो गई दुनिया की जनसंख्या
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।