यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया- 15 साल पहले आरजेडी के शासन में भय, भूख और भ्रष्टाचार का माहौल था। पहचान का संकट था।

चंपारण/पटना। उत्तर पदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बिहार में एनडीए के पक्ष में कई रैलियां की और नीतीश कुमार को एक बार फिर सीएम बनाने की अपील की। चंपारण जिले की चनपटिया विधानसभा में योगी के तेवर काफी आक्रामक दिखे। उन्होंने कहा- "नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में विकास और सुशासन को आगे बढ़ाने का काम हुआ है। यूपी सीएम ने आरोप लगाया- 15 साल पहले आरजेडी के शासन में भय, भूख और भ्रष्टाचार का माहौल था। पहचान का संकट था।"

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

योगी ने कहा- "आज बिहार का नौजवान अपनी पहचान और प्रतिभा के साथ दुनिया को धमक दिखा रहा है। जिस भी क्षेत्र में बिहार के नौजवानों को मौका मिला पूरी प्रतिभा का परिचय दिया। 15 साल पहले बिहार का नौजवान अपनी पहचान छुपाता था। नीतीश के नेतृत्व में यह बदला है। आज हर बिहारी गर्व से कह सकता है कि मैं बिहार का नागरिक हूं। ये बिहार के लिए गौरव की बात होनी चाहिए। यहां की धरती कभी भी अराजकता और जंगलराज को बर्दाश्त नहीं कर सकती।" 

कांग्रेस-आरजेडी ने माफिया पाले, तुष्टीकरण की राजनीति की 
कांग्रेस-आरजेडी के शासन पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा- "कांग्रेस ने बिहार में इतने समय राज किया तब क्या दिया था। आरजेडी ने शासन किया तो क्या दिया? विकास में कोई बाधक है तो वो बाधक है जातिवाद की राजनीति। क्षेत्र और मजहब के आधार पर राजनीति। विकास और खुशहाली के साथ नौजवानाओं को समृद्ध बनाना है तो क्षेत्रवाद, मजहब से ऊपर उठकर काम करना होगा। तुष्टीकरण की राजनीति अपराधी और माफिया को पनपाती है जो अंत में गरीब जनता, किसानों और नौजवानों का उत्पीड़न करते हैं।"

Scroll to load tweet…

मोदी ने बढ़ाया भारत का मान 
योगी ने कहा- "मोदी जी के नेतृत्व से पहले यूपीए के शासन में क्या था? हर रोज नए नए घोटाले सामने आते थे। दुनिया में भारत की क्या स्थिति थी, आतंकवाद चरम पर था। लेकिन जब 2014 में मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी दुनिया में भारत का मान बढ़ा। घुसकर पाकिस्तान के आतंकी कैंपों को नष्ट किया और उन्हें मारा। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 को हटाया।" 

370 हटाने का मतलब आतंक के ताबूत पर आखिरी कील 
योगी ने कहा- जम्मू कश्मीर में धारा 370 को हटाने का मतलब जानते हैं? आंकवाद के ताबूत पर आखिरी कील। अब जम्मू कश्मीर में चंपारण का कोई भी व्यक्ति बस सकता है। कोई माई का लाल रोक नहीं सकता। कांग्रेस के राज में ऐसा नहीं था। मोदी जी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपना साकार हुआ है। क्षेत्र-मजहब भाई भतीजावाद खत्म हुआ है। हर क्षेत्र और वर्ग का विकास हो रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में गरीबों के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं।

बीजेपी के राज में माफिया के घर पर बुलडोजर 
यूपी सीएम ने कहा- बीजेपी का मानना है कि अपराधियों माफियाओं पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कार्रवाई संरक्षण देने वाले नहीं करते हैं। यूपी में तो गरीबों का शोषण करने वाले माफियाओं के घर पर बुलडोजर चलता है। ये काम सिर्फ बीजेपी के राज में होता है। योगी ने कहा- खुशहाल भारत और बिहार के लिए एनडीए प्रत्याशियों को भारी से भारी मतों से विजयी बनाएं। एनडीए के साथ बिहार को प्रगति पथ पर आगे ले जाने के लिए नीतीश कुमार को एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाएं।