मामला बिहार के मोतिहारी का है। जहां एक दुल्हन ने शादी से ठीक पहले दूल्हे को नशे की हालत में झूमता देखकर शादी से इंकार कर दिया। लड़की की इस साहसिक फैसले की लोग तारीफ करते दिख रहे हैं।  

मोतिहारी। सरकार और प्रशासन बिहार में पूर्ण शराबबंदी का दावा करते है। लेकिन हर रोज कहीं न कहीं से शराब पीने, शराब मिलने अथवा शराब बनाने के खबर सामने आ जाती है। अभी ताजा मामला बिहार के मोतीहारी से सामने आया है। लेकिन इस मामले में लोग एक लड़की की हिम्मत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। दरअसल मोतिहारी के हरसिद्धि गांव में कोटवा के अहिरौलिया से बारात आई थी। हरसिद्धि निवासी लड़की वाले और गांव वाले बारात की तैयारी में लगे हुए थे। बारात अपने नियत समय से कुछ देरी से पहुंची, नाचते-गाते बाराती पक्ष के लोग लड़की के दरवाजे तक पहुंचे। लेकिन इसके बाद कुछ ऐसा हुआ कि लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दरवाजे पर नशे में झुमता दिखा दूल्हा
बड़े-बुजुर्गों के समझाने के बाद भी मामला सुलझता नहीं दिख रहा था। बाद में पंचायत भी हुई। लेकिन मामला सलटा नहीं। अंततः दूल्हे पक्ष को बिन दुल्हन बारात लेकर वापस जानी पड़ी। दरअसल जिस समय बारात लड़की के दरवाजे पहुंची उसी समय बारातियों के साथ-साथ दूल्हा भी नाच रहा था। दूल्हे की स्थिति देख कर लड़की ने सहज ही भांप लिया कि वह शराब के नशे में है। जिसके बाद लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। लड़की के इंकार करते ही बारातियों के साथ-साथ दोनों पक्षों के लोगों के हाथ-पांव फूल गए। 

लड़की की हिम्मत की तारीफ करते दिखे लोग
संगे-संबंधियों ने लड़की को समझाने की भरसक कोशिश की। लेकिन वो अंत तक शराबी के साथ शादी करने को तैयार नहीं थी। बाद में पंचायत भी बुलाई गई लेकिन उसके बाद भी लड़की नहीं मानी। आखिरकार कोटवा के अहिरौलिया गांव निवासी भोला ठाकुर को अपने बेटे की बारात बिन दुल्हन के लेकर वापस आनी पड़ी। इस घटना के बाद स्थानीय लोग लड़की और उसकी हिम्मत की तारीफ करते दिखे।