लाश देखने वाले स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़की के साथ पहले रेप किया गया है। उसके बाद अपराधी ने पहचान छिपाने के लिए लड़की के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया गया।

मुजफ्फरपुर। लॉकडाउन में पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी और सख्ती के बावजूद आपराधिक वारदातें थमती नजर नहीं आ रही है। उत्तर बिहार की राजधानी कही जाने वाली मुजफ्फरपुर जिले में एक लड़की की अर्धनग्न लाश मिली है। आशंका जताई जा रही है कि लड़की के साथ पहले रेप किया गया और उसके बाद उसके ही दुपट्टे से गला घोंट कर मार दिया गया। लाश बरामद होने के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सकरा थाना के चंदनपट्टी गांव की घटना
लड़की के साथ दरिंदगी की ये घटना मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना के चंदनपट्टी गांव की है। युवती इसी थाना क्षेत्र के एक दूसरे गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार रात 11 बजे से लड़की अपने घर से गायब थी। लड़की के गायब होने पर उसके परिजनों ने खोजबीन भी की थी। लेकिन रात होने के कारण लड़की का पता नहीं लगाया जा सका था। सुबह पड़ोस के चंदनपट्टी गांव में मक्के के खेत में एक लड़की के शव मिलने की बात सुन परिजन पहुंचे। लड़की की पहचान की गई। मामले में लड़की के पिता ने शक के आधार पर एक युवक पर नामजद प्राथमिकी की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। 

फॉरेंसिक टीम की ली जाएगी मददः थानाध्यक्ष
घटनास्थल पर पहुंचे सकरा थाना के थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मौके से साक्ष्य लिए गए है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट के आधार पर मामले की छानबीन की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर खुलासा होगा कि लड़की की हत्या किस प्रकार की गई। मामले में जो भी दोषी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। लाश देखने वाले स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़की के साथ पहले रेप किया गया है। उसके बाद अपराधी ने पहचान छिपाने के लिए लड़की के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया गया। घटना से गांव में गम और गुस्से का माहौल है।