पटना में एक सनकी पिता ने अपने ढाई साल के मासूम बेटे को ईंट से कूच-कूच कर मार डाला। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।  

पटना। मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला बिहार की राजधानी पटना से सामने आया है। जहां पति-पत्नी की लड़ाई में पिता ने अपने ढाई साल के मासूम बेटे ईंट से कूच-कूचकर मार डाला। दिल दहला देने वाली ये घटना बिहटा में आनंदपुर पंचायत के डुमरिया गांव की है। जहां पति-पत्नी के बीच भरोसे की कमी की कीमत एक ढाई साल के बेटे को अपनी जान गंवा कर चुकानी पड़ी। रविवार को सनकी पिता ने ढाई साल के बेटे को नाजायज बता कर उसकी ईंट से कूच कर हत्या कर दी। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आरोपी पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को जब्त कर उसका पोस्टमार्टम कराया। साथ ही आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मनेर थाना के रामबाद गांव निवासी मनोज राय ने पुलिस को बताया कि उसने शनिवार को अपने ढाई साल के बेटे सन्नी कुमार को बिहटा के डुमरिया में रहने वाले अपने बहनोई के घर बुलाया और रविवार को पहले ईंट से कूच कर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद उसने शव को छत से नीचे फेंक दिया। 

पुलिस ने जब उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया तो मनोज राय ने बताया कि उसे शक है कि उसकी पत्नी का अवैध संबंध उसके चचेरे भाई से है और सन्नी भी उसका अपना बेटा नहीं है। मनोज का आरोप है कि उसकी पत्नी उसके बेटे को उसकी खरीदी हुई कोई चीज नहीं देती थी।

पत्नी पर अवैध संबंध रखने का आरोप
मामले की जांच-पड़ताल में यह जानकारी मिली कि मनोज राय की शादी चार साल पहले मनेर के दरबेशपुर गांव की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद वह रांची में ऑटो चलाता था। इस शादी से उसे दो बच्चे भी हैं। पहला ढाई साल का सन्नी, दूसरा बेटा अभी छह महीने का है। जब वह छुट्टियों में गांव आता तो गांव के लड़के उसे उसकी पत्नी के बारे में बताते कि वह कई लोगों से बात करती है और उसके नाजायज संबंध भी हैं। मनोज ने कहा कि इस बार होली में पत्नी की हरकतों को देखा। जिसके बाद पत्नी से झगड़ा भी हुआ। और उसका दिल टूट गया। इसके बाद वह अपने बहनोई के घर बिहटा के डुमरिया आकर रहने लगा था।