जमीन खरीदने के मामले में जनता दल यूनाइटेड ने बीते दिनों आरसीपी सिंह को नोटिस दिया था। लेकिन आरसीपी सिंह ने नोटिस का जवाब देने की बजाय पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। पार्टी से इस्तीफा के बाद उन्होंने जदयू व नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला था। 

नई दिल्ली। जनता दल यू ने आरसीपी सिंह को जनता के सवालों से भागने वाला और पार्टी की कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति बताया है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता सत्य प्रकाश मिश्र ने कहा कि आरसीपी सिंह को पार्टी ने जो नोटिस जारी किया है, उसका जवाब हर कोई जानना चाहता था। नीतिश कुमार, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस के लिए जाने जाते हैं। आरसीपी सिंह पर नोटिस जारी करके पार्टी ने यह साबित किया है कि पार्टी और सरकार किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं कर सकती। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस्तीफा देना साबित करता है कि आरसीपी दागी

मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पार्टी के भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को नोटिस जारी करते हुए उनके द्वारा हासिल संपत्ति में व्याप्त अनियमितता और भ्रष्टाचार के बारे में जिन सवालों को उठाया वो बेहद गंभीर थे जिनका जवाब उन्होंने नहीं दिया और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सीधा इस्तीफा दे दिया। आरसीपी सिंह का इस्तीफा यह साबित करता है कि उनके पास सवालों के पर्याप्त जवाब नहीं थे और उनके द्वारा अर्जित सम्पति में अनिमितता और भ्रष्टाचार व्याप्त है। सत्य प्रकाश मिश्र ने कहा कि आरसीपी सिंह का इस्तीफा, पार्टी द्वारा उठाए गए सवालों में शत प्रतिशत सच्चाई को साबित कर रहा है।

बिहार ही नहीं कई प्रदेशों में बढ़ा जनाधार

मुख्य प्रवक्ता सत्य प्रकाश मिश्र ने कहा कि पार्टी में नीतीश कुमार व राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह सर्वमान्य नेता हैं। इनके नेतृत्व में पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। दिल्ली ही नहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी पार्टी की सफलता इस बात को साबित करती है कि नीतीश कुमार एक सर्वमान्य नेता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मणिपुर विधानसभा चुनावों में 6 सीटें जीती हैं। दिल्ली के एमसीडी चुनावों में भी जदयू का प्रदर्शन अभूतपूर्व होगा। इसके लिए पार्टी लगातार तैयारियां कर रही है।

डूबता जहाज कहना बौखलाहट का प्रतीक

सत्य प्रकाश मिश्र ने कहा कि आरसीपी सिंह ने जदयू से इस्तीफा देकर उसे डूबता जहाज करार दिया। यह बयान उनकी बौखलाहट की प्रतीक है। जो खुद भ्रष्टाचार में डूबा हुआ निकला उसे दूसरे भी डूबते हुए दिखाई देते हैं| आज हमारी पार्टी देश के तीन राज्यों में राज्य पार्टी का दर्जा हासिल कर चुकी है जो नेता नीतीश कुमार की नीतियों और सिद्धांतों का ही प्रतिफल है।