बिहार के वैशाली जिले में बेखौफ अपराधियों का ताडंव थमता नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेसी नेता राकेश यादव की हत्या के बाद अब पैक्स अध्यक्ष मनीष सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव है।  

वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में कांग्रेसी नेता राकेश यादव की गोली मारने की हत्या की जांच अभी चल ही रही थी कि बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर से हत्या की घटना को अंजाम दिया। जिले के महुआ थाना क्षेत्र में पैक्स अध्यक्ष मनीष सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार मनीष अपने दरवाजे पर बैठकर चाय पी रहे थे। तभी अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग की। मनीष को गोली लगकर गिरते देखते ही अपराधी फरार हो गए। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

विशन परसी पंचायत से पैक्स अध्यक्ष थे मनीष
जख्मी हालत में मनीष को आनन-फानन में परिजन इलाज के लिए हाजीपुर लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनीष की हत्या की वजह राजनीतिक रंजिश बताई जा रही है। बता दें कि हालिया संपन्न हुए पैक्स चुनाव में मनीष सिंह महुआ के विशन परसी पंचायत से पैक्स अध्यक्ष चुने गए थे। वो कन्हौली मोड़ स्थित अपने आवास पर चाय पी रहे थे। तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने उनपर गोलियां बरसाई। मनीष की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

पहले भी हो चुका था मनीष पर हमला
घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि राजनीतिक रंजिश में पहले भी मनीष सिंह पर हमला किया गया था। जिसके बाद मनीष सिंह ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की गई थी। लेकिन मनीष को सुरक्षा नहीं मिली और राजनीतिक रंजिश में एक साजिश के तहत मनीष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मनीष के आवास पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार मनीष सिंह लगातार दूसरी बार पैक्स अध्यक्ष चुने गए थे। इसके अलवा को अपने पंचायत के पंचायत समिति सदस्य भी थे। लोगों ने बताया कि मनीष राजनीतिक प्रतिद्वंदियों के निशाने पर थे।