घटना जहानाबाद जिले के सैदपुर बाला गांव की है। जहां पूर्वी सरेन पंचायत के उप मुखिया संतोष  कुमार रंजन के पिता की हत्या कर दी गई।

जहानाबाद. बेखौफ अपराधियों ने जहानाबाद जिले में उप मुखिया के पिता की ईंट-पत्थर से कूटकर हत्या कर दी। मृतक का शव आज सुबह गांव के एक बंद पड़े राईस मिल के बाहर मिला है। शव मिलने की सूचना गांव में आग की तरह फैली। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शव की पहचान पूर्वी सरेन पंचायत के उपमुखिया सह वार्ड संघ के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार रंजन के पिता लखन यादव के रूप में हुई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने संतोष के साथ पुलिस को भी दी। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

राईस मिल नाइट गार्ड थे लखन यादव

मिली जानकारी के अनुसार उप मुखिया संतोष के पिता लखन यादव गांव के ही एक बंद पड़े राईस मिल में नाइट गार्ड का काम करते थे। उसी राईस मिल के बाहर सोमवार की सुबह उनका शव मिला। शव देखने से ऐसा लगता है किसी ने बड़ी बेरहमी से ईंट-पत्थर से कूटकर उनकी हत्या की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। 

हत्यारे का कोई सुराग नहीं

दूसरी तरफ इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल हो गया है। बता दें कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मिल और आस-पास के इलाकों में छानबीन की। लेकिन कोई बड़ा सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों ने बताया कि रोज रात की तरह ही रविवार को भी लखन यादव ड्यूटी पर गए थे। सुबह उनकी हत्या की जानकारी मिली। पुलिस ने परिजन के आवेदन पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। छानबीन चल रही है।