सलमान खान की इन दिनों मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। शो 'बिग बॉस' के 11वें सीजन के विवादों से पूरी तरह से बाहर नहीं निकल पाए कि दूसरी मुसीबत भी उनके सिर पर आ गई। बिग बॉस पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाकर कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर इसे बैन करने की मुहीम भी चलाई गई थी। 

मुंबई. सलमान खान के फैंस के लिए बुरी खबर आ रही है कि बुधवार को एक्टर के बंगले पर क्राइम ब्रांच ने छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने सलमान के बंगले की देखभाल करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया। कहा जा रहा है कि पिछले 20 साल से देखरेख कर रहा ये शख्स मुंबई पुलिस का वांछित अपराधी है और पुलिस पिछले 29 साल से उसकी तलाश करती रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गुप्तचर से मिली थी इस अपराधी की जानकारी

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान खान के गोराई स्थित बंगले से गिरफ्तार इस शख्स का नाम शक्ति सिद्धेश्वर राणा है। 62 साल के इस शख्स के यहां कार्यरत होने की सूचना मुंबई पुलिस को अपने एक गुप्तचर से मिली। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की यूनिट 4 ने मुखबिर से सूचना मिलने पर पूरी योजना के तहत एक्टर के घर पर धावा बोला। खबरों के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि राणा और उसके कुछ साथियों को पुलिस ने 1990 में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया और उसके बाद से लगातार पुलिस को चकमा देता रहा। 

कोर्ट ने जारी किया था गैर-जमानती वारंट 

तमाम पेशियों पर जब राणा अदालत नहीं पहुंचा तो उसके खिलाफ कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया। शख्स के अचानक शहर से गायब हो जाने के बाद भी मुंबई पुलिस उसकी लगातार जानकारी हासिल करती रही और दो दिन पहले ही राणा के एक आलीशान बंगले में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस जब मुखबिर की निशानदेही पर मौके पर पहुंची तो उसे पता चला कि ये बंगला सलमान खान का है। लेकिन, पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बिना सलमान को बताए बंगले पर छापा मारा और राणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में सलमान से भी पूछताछ किए जाने की तैयारी है ताकि पता चल सके कि राणा उनके संपर्क में कब, कैसे और किसके माध्यम से आया।