सार
Union Budget 2025 Facts: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को बजट पेश करेंगी। उनके नाम अब तक के सबसे लंबे बजट भाषण का रिकॉर्ड है। निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2020 को बजट पेश करते हुए 2 घंटे 42 मिनट लंबा भाषण दिया था। ये तो हुई सबसे लंबे बजट भाषण की बात। लेकिन क्या आप जानते हैं सबसे छोटे बजट भाषण का रिकॉर्ड किस वित्त मंत्री के नाम है?
सिर्फ 800 शब्दों का बजट भाषण
सबसे छोटे बजट भाषण का रिकॉर्ड वित्त मंत्री हीरूभाई मुल्जीभाई पटेल के नाम है। उन्होंने 1977 में बजट के दौरान 800 शब्दों का सबसे छोटा बजट भाषण दिया था। वहीं, सबसे ज्यादा शब्दों वाला बजट भाषण देने का रिकॉर्ड मनमोहन सिंह के नाम है। उन्होंने नरसिम्हा राव की सरकार के दौरान 1991 में 18,650 शब्दों का सबसे लंबा भाषण दिया था। इसके बाद दूसरा नंबर अरुण जेटली का है। जेटली ने 2018 में 18,604 शब्दों का बजट भाषण पढ़ा था।
कब से हुई बजट की शुरुआत
देश का पहला बजट 7 अप्रैल, 1860 को तत्कालीन ब्रिटिश सरकार के वित्त मंत्री जेम्स विल्सन ने पेश किया था। वहीं, आजादी के बाद भारत का पहला बजट देश के पहले वित्त मंत्री आरके षन्मुखम शेट्टी ने 26 नवंबर 1947 को पेश किया था।
Union Budget 2025: किसके नाम है सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड
संविधान बनने के बाद किसने पेश किया पहला बजट?
26 जनवरी, 1950 को देश का संविधान बनने के बाद पहला बजट 28 फरवरी, 1950 को वित्त मंत्री जॉन मथाई ने पेश किया था। बता दें कि 1955 तक बजट केवल अंग्रेजी भाषा में छपता था। वहीं, 1999 से पहले तक आम बजट शाम 5 बजे पेश किया जाता था। 1999 से यह सुबह 11 बजे पेश होने लगा।
2017 से आम बजट के साथ पेश होने लगा रेल बजट
साल 2016 तक आम बजट फरवरी महीने के आखिरी दिन पेश किया जाता था। हालांकि, 2017 से इसे फरवरी की पहली तारीख को पेश किया जाने लगा। वहीं, 2016 तक रेल बजट अलग से पेश किया जाता था। लेकिन 2017 से इसे आम बजट के साथ ही मिला दिया गया। पेपरलेस बजट की शुरुआत 2021 में निर्मला सीतारमण के कार्यकाल में ही हुई।
ये भी देखें :
Adani के इस शेयर से कन्नी काट रहे निवेशक,बंपर मुनाफा फिर क्यों मची बेचने की होड़
Union Budget 2025: कोई 35 दिन तो कोई 5 माह, जानें सबसे कम समय वाले वित्त मंत्री