केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल में नए हथकरघा संस्थान का उद्घाटन किया। उन्होंने 2030 तक कपड़ा उद्योग को 300 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने और 6 करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है।

नई दिल्ली। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि कपड़ा मंत्रालय 2030 तक उद्योग को 300 बिलियन डॉलर (25.73 लाख करोड़ रुपए) के बाजार आकार तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे 6 करोड़ लोगों को रोजगार मिलेगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गिरिराज सिंह ने रविवार को पश्चिम बंगाल के नादिया के फुलिया में भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान के नए स्थायी परिसर का उद्घाटन किया। 5.38 एकड़ में फैले इस परिसर को तैयार करने में 75.95 करोड़ रुपए की लागत आई है। इसे अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी से लैस किया गया है।

भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और आधुनिक लैब हैं। यहां छात्रों को हथकरघा और कपड़े से जुड़ी टेक्नोलॉजी की शिक्षा मिलेगी। इससे पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और सिक्किम जैसे आसपास के राज्यों के युवाओं को लाभ होगा। वे कपड़ा उद्योग में करियर बनाने के लिए अच्छी शिक्षा पा सकेंगे।

Scroll to load tweet…

15.10 लाख करोड़ रुपए से अधिक का है भारत का कपड़ा बाजार

भारत के कपड़ा उद्योग के भविष्य के बारे में गिरिराज सिंह ने कहा कि वर्तमान में भारत का कपड़ा बाजार 176 बिलियन डॉलर (15.10 लाख करोड़ रुपए से अधिक) का है। कपड़ा मंत्रालय इसे 2030 तक बढ़ाकर 300 बिलियन डॉलर (25.74 लाख करोड़ रुपए) करने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले अक्टूबर में कपड़ा निर्यात में 11 प्रतिशत और गारमेंट्स के निर्यात में 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई। मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम नई ऊंचाइयों को छुएंगे।

बता दें कि अक्टूबर के दौरान भारत से कपड़ा निर्यात पिछले वर्ष इसी महीने की तुलना में लगभग 11.56 प्रतिशत बढ़कर 1,833.95 मिलियन डॉलर (15,728 करोड़ रुपए से अधिक) हो गया। अक्टूबर माह के दौरान परिधान निर्यात में 35.06 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह 1227.44 मिलियन डॉलर (10,528 करोड़ रुपए से अधिक) रहा।