हाल ही में अभिनव ने सलमान खान को लेकर फेसबुक पर एक और पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने सलमान के चैरिटी फाउंडेशन 'बीइंग ह्यूमन' को मनी-लॉन्ड्रिंग हब कहा है।  

मुंबई। सुशांत राजपूत की मौत के बाद से ही बॉलीवुड में नेपोटिज्म का मामला गरमाया हुआ है। डायरेक्टर अभिनव कश्यप तो इस मामले पर खुलकर सामने आ गए हैं और उन्होंने सलमान खान को टारगेट किया है। सुशांत के निधन के बाद अभिनव कश्यप ने फेसबुक पर पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि सलमान खान, सलीम खान, सोहेल खान और अरबाज खान ने मिलकर उनका करियर बर्बाद कर दिया। हाल ही में अभिनव ने सलमान खान को लेकर फेसबुक पर एक और पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने सलमान के चैरिटी फाउंडेशन 'बीइंग ह्यूमन' को मनी-लॉन्ड्रिंग हब कहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अभिनव कश्यप ने सलमान खान के 'बीइंग ह्यूमन' फाउंडेशन को लेकर लिखा, जनाब सलीम खान का सबसे बड़ा आइडिया है बीइंग ह्यूमन। बीइंग ह्यूमन की चैरिटी महज एक दिखावा है। दबंग की शूटिंग के दौरान मेरी आंखों के सामने पांच साइकिल बंटती थीं, अगले दिन अखबारों में छपता था कि दानवीर सलमान खान ने 500 साइकिलें गरीबों में बांटीं। सारी कोशिशें सलमान खान की गुंडे, मवाली वाली छवि सुधारने के लिए की थी, ताकि इनके तमाम क्रिमिनल कोर्ट केस में मीडिया और जज इन पर थोड़ी रियायतें बरतें। बींइग ह्यूमन आज 500 रुपए की जींस 5000 हजार में बेचता है और सीधी-सादी जनता की आंखों में धूल झोंककर उनसे नोट बटोर रहे हैं ये धूर्त लोग। इनकी मंशा किसी को कुछ देने की नहीं, सिर्फ लेने की है...सरकार को चाहिए कि बीइंग ह्यूमन की भी गहरी जांच हो।मैं सरकार का पूरा सहयोग करुंगा। 

बता दें कि अभिनव कश्यप की पहली पोस्ट पर सलीम खान ने कमेंट करते हुए कहा था कि उनको जो करना है वो करें, मैं इस पर रिएक्शन देकर अपना समय बर्बाद नहीं करूंगा। वहीं, अरबाज और सोहैल खान ने अभिनव कश्यप की पोस्ट के लिए उन पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी।

इससे पहले, वहीं अभिनव का कहना था कि 10 साल पहले मुझे 'दबंग 2' से निकालने की वजह अरबाज, सोहेल और खान फैमिली थी। ये लोग मुझे डरा-धमका कर मेरे करियर को कंट्रोल करना चाहते थे। अरबाज ने श्री अष्टविनायक फिल्म्स के साथ मेरे प्रोजेक्ट्स तक रुकवा दिए थे। इसके बाद मुझे अष्टविनायक फिल्मों के लिए साइनिंग अमाउंट लौटाना पड़ा था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब 'दबंग 2' को डायरेक्ट करने के लिए अरबाज ने अभिनव को फोन किया तो उन्होंने साफ कह दिया था कि इसमें मुझे सलमान का हस्तक्षेप नहीं चाहिए। अरबाज ने जब यह बात सलमान को बताई तो उन्होंने कहा कि फिर तू ही डायरेक्ट कर ले दबंग 2। इसके बाद खान ब्रदर्स और अभिनव के बीच बातचीत खत्म हो गई।