अमर सिंह का सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। अमर सिंह करीब चार महीने से सिंगापुर के एक अस्पताल में अपनी किडनी का इलाज करा रहे थे। अमर सिंह उन राजनेताओं में से थे, जिनकी बॉलीवुड सेलेब्स से अच्छी दोस्ती रही।

मुंबई। अमर सिंह का सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। अमर सिंह करीब चार महीने से सिंगापुर के एक अस्पताल में अपनी किडनी का इलाज करा रहे थे। अमर सिंह उन राजनेताओं में से थे, जिनकी बॉलीवुड सेलेब्स से अच्छी दोस्ती रही। बोनी कपूर और श्रीदेवी के साथ भी उनके काफी अच्छे संबंध थे। यहां तक कि जब श्रीदेवी का निधन हुआ तो अमर सिंह फूट-फूटकर रो पड़े थे। अमर सिंह ने इसके लिए बोनी कपूर और खुद को जिम्मेदार ठहराया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

24 फरवरी 2018 को दुबई के एक होटल के बाथटब में डूबने से श्रीदेवी की मौत हो गई थी। इसके बाद एक इंटरव्यू में अमर सिंह ने कहा था कि इस हादसे से कुछ वक्त पहले तक वे श्रीदेवी और बोनी कपूर के साथ ही थे। 

दरअसल, अमर सिंह भी बोनी कपूर के भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने दुबई गए थे। हालांकि, उन्हें यूपी में एक इवेंट में शरीक होना था, इसलिए वो और बोनी शादी के बाद दुबई से भारत आ गए थे, जबकि श्रीदेवी दुबई में ही रह गई थीं।

अमर सिंह ने कहा था, हम लोग इंडिया चले आए और यही गलती हमारे लिए अभिशाप बन गई। अगर हम वहां दुबई में होते तो शायद यह हादसा टल जाता। ये हमारी गलती थी कि हमने श्रीदेवी को वहां अकेला छोड़ दिया था।

अमर सिंह ने कहा था कि बोनी कपूर ने श्रीदेवी की मौत की जानकारी सबसे पहले उन्हें ही दी थी। उन्होंने कहा था, घटना वाली रात बोनी ने मुझे फोन किया और बताया कि भाभी नहीं रहीं। शायद उन्होंने सबसे पहला फोन मुझे ही किया था। 

अमर सिंह ने यह भी कहा था कि श्रीदेवी से उनकी इतनी घनिष्ठता थी कि वे बोनी कपूर की बात टाल सकती थीं, लेकिन उनकी बात कभी नहीं टालती थीं। उनके मुताबिक, एक बार श्रीदेवी इस बात पर अड़ गई थीं कि जब तक अमर सिंह उनकी फिल्म नहीं देख लेते, वे उसे रिलीज नहीं करेंगी।