छत्तीसगढ़ के महासमुंद में शनिवार दोपहर एक हादसे में दो स्कूली छात्रों की महानदी में डूबने से मौत हो गई। रायपुर के एक स्कूल के बच्चे पिकनिक मनाने सिरपुर गए थे।

महासमुंद(छग). जिले के सिरपुर में शनिवार दोपहर हुए एक हादसे में दो स्कूली छात्रों की महानदी में डूबने से मौत हो गई। बच्चे तैरने के लिए नदी में उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए। हालांकि उन्हें हाथ-पैर मारते देख टीचरों ने नदी में छलांग मारी, लेकिन वे उन दोनों बच्चों को नहीं बचा सके।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रायपुर के टाटीबंध स्थित भारत माता स्कूल के 9-12th तक के बच्चे सुबह पिकनिक मनाने के लिए सिरपुर गए थे। बच्चों के संग स्कूल के प्रिंसिपल और 12 टीचर भी थे। दोपहर करीब 1 बजे बच्चे नदी में तैरने उतरे। इसी दौरान अमन और खुशदीप नामक दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए। हालांकि उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि वहां गहराई है। वे अपनी जान बचाने हाथ-पैर मारने लगे। उन्हें चिल्लाते देखकर कुछ टीचरों ने नदी में छलांग मार दी। वे दोनों बच्चों को बाहर निकालकर लाए। उन्हें फौरन तुमगांव के हॉस्पिटल ले जाया गया। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुमगांव पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इनमें से एक बच्चा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कुम्हारी और दूसरा बच्चा रायपुर के हीरापुर का रहने वाला था।