- Home
- Entertainment
- Bollywood
- कभी राज कपूर के गैरेज में रहती थी अनिल कपूर की पूरी फैमिली, बस का किराया देने तक के नहीं थे पैसे
कभी राज कपूर के गैरेज में रहती थी अनिल कपूर की पूरी फैमिली, बस का किराया देने तक के नहीं थे पैसे
मुंबई। अनिल कपूर (Anil Kapoor) को बॉलीवुड में 38 साल हो गए हैं। बतौर लीड एक्टर उनकी पहली फिल्म 'वो सात दिन' 23 जून, 1983 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनके साथ पद्मिनी कोल्हापुरे और नसीरुद्दीन शाह ने भी काम किया था। आज की तारीख में अनिल कपूर फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम है। उनके पास बंगला, गाड़ी, नौकर-चाकर हर सुख-सुविधा मौजूद है। लेकिन एक वक्त ऐसा भी था, जब वो अपने परिवार के साथ राज कपूर के गैरेज में रहा करते थे। इसलिए राज कपूर ने अपने गैरेज में दे दी थी रहने की जगह..

दरअसल, अनिल कपूर के पिता सुरेंद्र कपूर राज कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर के कजिन हैं। ऐसे में जब वो मुंबई आए तो कुछ सालों तक राज कपूर के गैरेज में रहा करते थे। बाद में उन्होंने मुंबई के सब-अर्बन इलाके की एक चॉल में कमरा किराए पर लिया और काफी समय तक वहां रहे।
अनिल कपूर मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर सुरेंद्र कपूर और निर्मल कपूर के बेटे हैं। उनके पिता अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुंबई पैसे कमाने आए थे। मुंबई आकर उनके पास रुकने का कोई ठिकाना नहीं था। ऐसे में राज कपूर ने अपने गैरेज में उन्हें रुकने की जगह दे दी थी।
कहा जाता है कि अपने एक्टिंग करियर के शुरुआती दौर में अनिल कपूर की हालत बेहद खराब थी। यहां तक कि उनके पास टैक्सी का किराया देने तक के पैसे नहीं होते थे। उस दौरान उनकी मदद एक शख्स करता था। ये शख्स और कोई नहीं बल्कि उनकी गर्लफ्रेंड सुनीता थीं, जो अब उनकी पत्नी हैं।
अनिल कपूर के स्ट्रगल के दिनों में ही सुनीता नाम की जानी मानी मॉडल अनिल कपूर की जिंदगी में आई। अनिल को एक दोस्त की मदद से उनका नंबर मिला और फोन पर बात करते हुए उन्हें सुनीता की आवाज से प्यार हो गया। डेट के दिनों में कहीं भी घूमना हो तो दोनों बस से सफर किया करते थे। तब सुनीता ही अनिल की जरूरत के सारे खर्चे उठाया करती थीं।
दोनों की मिलना-जुलना शुरू हुआ और आखिरकार अनिल ने सुनीता को प्रपोज कर दिया और फिर बात शादी तक आ गई। इसके बाद इन दोनों ने 1984 में शादी कर ली। हालांकि अनिल कपूर के दोस्तों ने उन्हें शादी करने से मना किया था। दरअसल, 1984 में आई फिल्म 'मशाल' से ही अनिल कपूर के करियर ने रफ्तार पकड़नी शुरू की और दोस्तों का मानना था कि अगर शादी की तो उनका करियर खत्म हो जाएगा।
कहा जाता है कि दोस्तों की बात मानकर अनिल कपूर ने दो बार शादी की डेट भी टाल दी थी। हालांकि, जब अनिल ने दूसरी बार शादी की डेट टाली तो सुनीता ने उन्हें धमकी देते हुए कहा था कि बार-बार ये सब नहीं चलेगा।
अनिल कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि पैसों की कमी के चलते वे सुनीता से शादी नहीं कर पा रहे थे। फिर सुभाष घई की फिल्म 'मेरी जंग' ऑफर हुई। जैसे ही उन्होंने फिल्म साइन की तो उन्हें साइनिंग अमाउंट मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत शादी करने का फैसला कर लिया था।
फिल्म साइन करने के दूसरे ही दिन अनिल कपूर ने सुनीता से शादी कर ली थी। इनकी शादी 19 मई, 1984 को हुई थी। कपल के तीन बच्चे बेटी सोनम कपूर, रिया कपूर और बेटा हर्षवर्धन कपूर हैं।
अनिल कपूर ने 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' में यह खुलासा किया था कि वे आज टपोरी का किरदार बहुत अच्छे से निभाते हैं। दरअसल अनिल कपूर असल जिदंगी में भी टपोरी थे। अनिल की मानें तो बचपन में वे और उनके दोस्त टपोरियों जैसे ही काम किया करते थे। उन्होंने फिल्म की टिकट्स तक ब्लैक की हैं।
करियर के शुरुआती दौर में अनिल को फिल्मों में छोटे-मोटे रोल मिलना शुरू हुए थे। अनिल ने 'हमारे-तुम्हारे' (1979), 'शक्ति' (1982) जैसी फिल्मों में साइड रोल किए। उन्हें 1983 में आई फिल्म 'वो सात दिन' में बतौर लीड एक्टर काम किया। फिल्म सुपरहिट रही। अनिल ने मेरी जंग, मशाल, राम लखन, युद्ध, बेटा, तेजाब, परिंदा, नायक, रेस 2, साहेब, मि. इंडिया, घर हो तो ऐसा, काला बाजार, किशन कन्हैया, जमाई राजा, ईश्वर, 1942 ए लव स्टोरी, जुदाई, विरासत जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।